India vs New Zealand 2nd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार, 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा. नागपुर में खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने 48 रनों से जीत हासिल कर 1-0 की बढ़त बना ली है. अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम की नजरें दूसरे टी20 मैच में जीत दर्ज कर बढ़त को और मजबूत करने पर टिकी है.
वहीं, न्यूजीलैंड की टीम इस मैच को जीतकर सीरीज में बराबरी करना चाहेगी. ऐसे में यह मुकाबला बेहद रोमांचक और दिलचस्प होने वाला है. मैच से पहले आइए जानते हैं रायपुर के मैदान पर टी20 में टीम इंडिया का रिकॉर्ड कैसा रहा है.
रायपुर में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला 23 जनवरी को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. रायपुर के मैदान पर टीम इंडिया ने अब तक सिर्फ एक ही टी20 इंटरनेशनल मैच खेला है, जिसमें भारत ने जीत दर्ज की थी. यह मुकाबला साल 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुआ था.
उस मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 174 रन बनाए थे. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 154 रन ही बना सकी और भारत ने 20 रन से मैच अपने नाम कर लिया था. अब भारतीय टीम इस मैदान पर न्यूजीलैंड को भी धूल चटाकर अपना रिकॉर्ड बरकरार रखना चाहेगी.
रायपुर की पिच रिपोर्ट
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है. यहां की सतह सपाट रहती है और गेंद अच्छे उछाल के साथ सीधे बल्ले पर आती है, जिससे अक्सर हाई स्कोर मैच देखने को मिलते हैं. इस पिच पर बल्लेबाज जमकर चौकों-छक्कों की बारिश करते हैं और खासकर के पावरप्ले में तेजी से रन बनते हैं.
हालांकि, नई गेंद से शुरुआती कुछ ओवरों में तेज गेंदबाजों को हल्की स्विंग या सीम मूवमेंट मिल सकती है. लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, ओस गेंदबाजों के लिए मुश्किल खड़ी कर देती है. ऐसे में यहां टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करती है.
T20 सीरीज के लिए दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई.
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रैसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), जैकब डफी, जैक फाउल्क्स, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, बेवन जैकब्स, रचिन रविंद्र, टिम रॉबिन्सन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, ईश सोढ़ी.

