IND vs NZ 3rd T20I Pitch Report

IND vs NZ: गुवाहाटी में होगी रनों की बारिश या गेंदबाज बनेंगे ‘काल’, तीसरे टी20 में कैसा होगा पिच का हाल?

IND vs NZ: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया सीरीज का तीसरा मुकाबला खेलने के लिए गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में उतरेगी. इस मैच में जीत हासिल कर टीम इंडिया सीरीज पर भी अपना कब्जा करना चाहेगी. टी20 विश्व कप से पहले टीम इंडिया अपनी आखिरी सीरीज खेल रही है, ऐसे में ये मुकाबला काफी अहम होगा क्योंकि न्यूजीलैंड की टीम भी इस मैच में पूरी ताकत के साथ वापसी करने उतरेगी. अभी तक खेले गए दोनों ही मैचों में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है. ऐसे में हर किसी की मन में सवाल खड़ा हो रहा है कि तीसरे टी20 की पिच कैसी होने वाली है. क्या गुवाहाटी में बल्लेबाज एक बार फिर हावी नजर आएंगे या फिर इस बार बारी गेंदबाजों की होगी. 

कैसा होगा गुवाहाटी की पिच का मिजाज?

गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर बल्लेबाजों की धूम देखने को मिलती है. खासतौर से टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों को रन बनाने में मजा आता है. तेज गेंदबाजों के लिए शुरुआती ओवरों में स्विंग फायदा दे सकती है, ऐसे में शुरुआत में बल्लेबाजों को थोड़ा संभल कर रहना होगा. इस स्टेडियम की आउटफील्ड बहुत तेज है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम इस मैदान पर फील्डिंग करना पसंद करती है. इस मैदान पर लक्ष्य हासिल करना आसान माना जाता है. ऐसे में दर्शकों को एक बार फिर से बड़े स्कोर वाला मुकाबला देखने को मिल सकता है. 

गुवाहाटी में कैसे हैं टीम इंडिया के आंकड़े?

टीम इंडिया ने अब तक गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में 4 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इसमें से 2 मैचों में टीम को जीत मिली है तो वहीं 1 मैच में टीम को हार का सामना भी करना पड़ा है. एक मैच बिना नतीजा ही खत्म हुआ था. 

टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव भी अब फॉर्म में वापसी कर चुके हैं. ऐसे में इस मैदान पर उनकी एक और बड़ी पारी आ सकती है. रायपुर में उन्होंने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 37 गेंदों में ही 82 रनों की नाबाद पारी खेल दी थी. उनके अलावा इस मैच में भी हर किसी की नजरें पॉकेट डाइनामाइट ईशान किशन पर भी होंगी. 

ये भी पढ़िए- पाकिस्तान ने छोड़ा बांग्लादेश का साथ, T20 World Cup 2026 में खेलने की सच्चाई आई सामने!