Hardik Pandya

IND vs NZ: हार्दिक पांड्या ने ‘रॉकेट थ्रो’ से किया मिचेल सैंटनर का काम तमाम, VIDEO देख आप भी रह जाएंगे हैरान

IND vs NZ 4th T20I, Hardik Pandya Direct Hit Video: विशाखापट्टनम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे चौथे टी20 मुकाबले में एक ऐसा दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जिसने सबको हैरान कर दिया. टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने एक बार फिर अपने शानदार फील्डिंग नजारा पेश किया और अपनी रॉकेट थ्रो से न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर को पवेलियन का रास्ता दिखाया. सैंटनर सिर्फ 6 गेंदों पर 11 रन बनाकर रन आउट हो गए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

हार्दिक ने डायरेक्ट हिट से खत्म किया सैंटनर का खेल

दरअसल, यह वाकया न्यूजीलैंड की पारी के 17वें ओवर में हुआ. भारत की ओर से ये ओवर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह कर रहे थे. ओवर की पहली ही गेंद पर मिचेल सैंटनर चकमा खा गए और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर सीधे शॉर्ट थर्ड मैन की तरफ चली गई. सैंटनर और नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े डेरिल मिचेल ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत एक रन चुराने की कोशिश की, लेकिन हार्दिक पांड्या ने सारा खेल पलट दिया.

हार्दिक ने बिजली जैसी रफ्तार से गेंद उठाई और बिना वक्त गंवाए नॉन-स्ट्राइकर एंड पर सीधा थ्रो मार दिया. हार्दिक का रॉकेट थ्रो सीधा स्टंप्स से जा टकराया और सैंटनर रन आउट होकर वापस पवेलियन लौट गए. ये शानदार फील्डिंग मोमेंट अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. BCCI ने भी अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर इस रन आउट का वीडियो शेयर किया है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं.

भारत को मिला 216 रनों का टारगेट

मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 216 रनों का बड़ा टारगेट रखा है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 215 रनों का स्कोर खड़ा किया. न्यूजीलैंड की ओर से टिम सीफर्ट ने ने सबसे ज्यादा 62 रनों की पारी खेली. उनके अलावा, डेवोन कॉन्वे ने 44 रन और ग्लेन फिलिप्स ने 24 रन बनाए. वहीं, भारत के लिए अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट चटकाए. जबकि जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई को 1-1 विकेट मिला.

ये भी पढ़ें- PAK vs AUS T20I Live Streaming: भारत में कब, कहां और कैसे देखें पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत? जानें लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी डिटेल्स