IND vs NZ, Hardik Pandya Record: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला रायपुर में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. हार्दिक इस मैच के लिए मैदान पर उतरते ही टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है.
हार्दिक पांड्या ने विराट कोहली को छोड़ा पीछे
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में हार्दिक पांड्या भारत के लिए अपना 126वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने उतरे और इसी के साथ उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया. कोहली ने अपने टी20I करियर में भारत के लिए कुल 125 मैच खेले. इस लिस्ट में पहले नंबर पर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 2024 में संन्यास लेने से पहले 159 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले थे.
आंकड़ों की बात करें तो हार्दिक ने टी20 इंटरनेशनल में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया है. टी20I में उन्होंने अब तक 28.54 की औसत से 2027 रन बनाए हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 71 रन है. वहीं, उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल का प्रदर्शन किया है और 26.85 की औसत से 102 विकेट हासिल किए हैं. उनका बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन 4/16 रहा है.
भारत के लिए सिर्फ चार खिलाड़ियों ने खेले हैं 100 T20I मैच
इसी के साथ हार्दिक उन चुनिंदा चार खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने भारत के लिए 100 से ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इस खास क्लब में उनके साथ रोहित शर्मा, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव भी शामिल हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में हार्दिक ने 16 गेंदों में 25 रन बनाए और गेंदबाजी में 2 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट झटके.
इसी मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी एक खास उपलब्धि हासिल की. वह भारत के लिए 100 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले चौथे खिलाड़ी बने. सूर्यकुमार ने अब तक 93 पारियों में 35.29 के औसत से 2788 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 21 अर्धशतक शामिल हैं. वह टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं.
भारत के लिए सबसे ज्यादा T20I मैच खेलने वाले खिलाड़ी
- रोहित शर्मा -159 मैच
- हार्दिक पांड्या – 126 मैच
- विराट कोहली – 125 मैच
- सूर्यकुमार यादव – 101 मैच
- एमएस धोनी – 98 मैच
IND vs NZ दूसरे टी20 मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती.
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिशेल, मिशेल सैंटनर (कप्तान), जाकरी फाउल्क्स, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, जैकब डफी.

