IND vs NZ: टीम इंडिया 21 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेलने के लिए उतर रही है. सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर के मैदान पर खेला जाएगा. इस सीरीज से टीम इंडिया में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन भी वापसी करने जा रहे हैं. पहले टी20 मैच में उनका खेलना भी लगभग तय ही माना जा रहा है. इस मैच में बल्लेबाजी करते हुए उनके पास 2 बड़े माइलस्टोन हासिल करने का मौका होगा. अगर उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है और वो 16 रन बना लेते हैं तो एक खास क्लब में उनकी एंट्री हो जाएगी तो वहीं छक्कों के मामले में भी एक रिकॉर्ड उनके रडार पर होगा.
Ishan Kishan earns his way back into the India setup.
— Cricbuzz (@cricbuzz) January 21, 2026
A wait of 785 days set to end today! #INDvNZ pic.twitter.com/kTEUYgymA3
बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज पूरे करेंगे 4 हजार रन
ईशान किशन का पहले टी20 मैच की प्लेइंग 11 में रहना लगभग पक्का माना जा रहा है. मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया है कि ईशान नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने के लिए सबसे सही विकल्प हैं. इस मैच में अगर वो 16 रन बना लेते हैं तो टी20 क्रिकेट में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज 4 हजार पूरे कर लेंगे. इसके अलावा इस मैच में अपना पहला सिक्स लगाते ही वो बतौर सलामी बल्लेबाज 200 सिक्स भी पूरे कर लेंगे. इस मैच में उनके निशाने पर ये 2 बड़े रिकॉर्ड रहेंगे.
शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
ईशान किशन ने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी मुकाबला साल 2023 में खेला था. घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के चलते उनको टी20 टीम इंडिया में दोबारा मौका मिला है. 26 महीने के इंतजार के बाद एक बार फिर वो टीम इंडिया की जर्सी में खेलने उतरेंगे. उनकी कप्तानी में झारखंड की टीम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का खिताब अपने नाम किया था. टूर्नामेंट में ईशान किशन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे. इस सीरीज के साथ-साथ किशन को टी20 विश्व कप की टीम में भी शामिल किया गया है. ईशान ने टीम इंडिया के लिए अब तक 32 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने बल्ले से 796 रन बनाए हैं.

