IND vs NZ 2nd ODI, KL Rahul Century: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे मुकाबला राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया है. राहुल ने कीवी गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 87 गेंदों पर अपना 8वां वनडे शतक पूरा किया. उन्होंने 92 गेंदों पर नाबाद 112 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसके बदौलत भारतीय टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 284 रनों का स्कोर खड़ा किया. राहुल इस मैच में न सिर्फ भारत के लिए संकटमोचक बनकर उभरे, बल्कि शतक लगाकर नया कीर्तिमान भी रच दिया.
केएल राहुल फिर बने टीम इंडिया के संकटमोचक
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 115 रनों पर तीन विकेट गंवा दिए थे. रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही इस मैच में कुछ खास नहीं कर सके. रोहित 24 रन तो कोहली सिर्फ 23 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. वहीं, श्रेयस अय्यर भी सिर्फ 8 रन बनाकर चलते बने. इसके बाद कप्तान शुभमन गिल 56 रन बनाकर आउट हो गए और भारत का स्कोर 118/4 हो गया. इस मुश्किल स्थिति में नंबर-5 पर बैटिंग करने उतरे केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा और टीम को संकट से बाहर निकालने का काम किया.
उन्होंने 94 रन के निजी स्कोर पर छक्का लगाकार अपना शतक पूरा किया. राहुल ने 92 गेंदों पर नाबाद 112 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 11 चौके और एक छक्का लगाया. उनकी इस शानदार पारी के दम पर भारतीय टीम न्यूजीलैंड के सामने 285 रनों का लक्ष्य रखने में सफल रही. इससे पहले राहुल पहले वनडे में भी टीम इंडिया के संकटमोचक बने थे, जहां उन्होंने नाबाद 29 रन बनाकर टीम की जीत पक्की की थी.
राहुल ने रचा नया कीर्तिमान
33 साल के केएल राहुल का यह वनडे करियर में आठवां शतक रहा और इसी के साथ उन्होंने इतिहास रच दिया. वह राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले कोई भी भारतीय खिलाड़ी इस मैदान पर वनडे में तीन अंकों तक नहीं पहुंच पाया था. इसी के साथ राहुल की यह नाबाद 112 रनों की पारी राजकोट में किसी भी भारतीय बल्लेबाज का वनडे में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बन गया है.
इसके अलावा, उन्होंने इस सेंचुरी के साथ भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने के मामले में पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन को पीछे छोड़ दिया. अजहरुद्दीन ने अपने 334 मैचों के वनडे करियर में कुल 7 शतक लगाए थे, जबकि राहुल ने यह उपलब्धि अपने करियर के सिर्फ 93वें वनडे में ही हासिल कर ली.

