IND vs NZ: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 48 रनों के अंतर से जीत हासिल कर ली है. भारत के लिए अभिषेक शर्मा इस मैच में जीत के हीरो रहे. उन्होंने अपने चिर परिचित तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 35 गेंदों में 84 रनों की पारी खेली. उनकी इस घातक पारी के दम पर टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 238 रनों का स्कोर खड़ा दिया. इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी कीवी टीम 20 ओवरों में महज 190 का स्कोर ही बना पाई. इस करारी हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने क्या कहा है आइए आपको भी बताते हैं.
हार के बाद क्या बोले कीवी कप्तान सैंटनर?
पहले टी20 में हार के बाद मिचेल सैंटनर ने माना की टी20 में टीम इंडिया एक अलग ही टीम है और इस पूरे मैच में हम पूरे समय दबाव में ही रहे. मैच खत्म होने के बाद उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि आप हमेशा आगे के लिए देखते हो, हां आप गेम जीतना चाहते हो. ये हमारे लिए एक अच्छा अनुभव था. एक अच्छी टीम के खिलाफ खेलना. उनका रिकॉर्ड पिछले 2 साल में कमाल का रहा है. ग्लेन फिलिप्स और चैपमैन की पारियां कमाल की रही, जब टीम ने 2 विकेट जल्दी खो दिए थे. मुझे लगता है कि हमें गेंद और बल्ले दोनों के साथ प्रेशर में रखा गया. इस टीम के खिलाफ आप हर गेंद के हिसाब से खेलना होगा अगर जीतना है तो.”
गेंद और बल्ले से भारतीय खिलाड़ियों ने दिखाया दम
इस मैच में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 में अपना बेस्ट स्कोर खड़ा किया. नागपुर में खेले गए इस मैच फैंस को भरपूर मजा आया. अभिषेक के बाद कप्तान सूर्या, हार्दिक पांड्या और रिंकू सिंह ने भी अपना दम दिखाया. इसके बाद वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट अपने नाम किए. उनके अलावा अर्शदीप, हार्दिक और अक्षर पटेल ने 1-1 विकेट चटकाए. टीम इंडिया का अगला निशाना अब दूसरे टी20 में जीत हासिल कर सीरीज में अपनी बढ़त को बढ़ाने का होगा.

