India vs New Zealand 4th T20I

IND vs NZ: विशाखापट्टनम में औंधे मुंह गिरी टीम इंडिया, न्यूजीलैंड ने 50 रनों से जीता चौथा टी20I मुकाबला

India vs New Zealand 4th T20I: टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में 50 रनों से हार का सामना करना पड़ा. विशाखापट्टनम के ACA-VDCA स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 215 रनों विशाल स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में टीम इंडिया 165 रनों पर ही ऑलआउट हो गई. न्यूजीलैंड की इस जीत के हीरो टिम सेफर्ड रहे, जिन्होंने सिर्फ 36 गेंदों पर 62 रनों की तूफानी खेली. यह न्यूजीलैंड की इस 5 मैचों की टी20 सीरीज में पहली जीत है और भारत अब भी 3-1 से आगे है.

न्यूजीलैंड ने दिया था 216 रनों का टारगेट

इस मुकाबले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन न्यूजीलैंड के ओपनर्स ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया. डेवोन कॉन्वे और टिम सेफर्ट ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए सिर्फ 50 गेंदों में 100 रन जोड़ दिए. कॉनवे ने 23 गेंदों पर 44 रन बनाए, जबकि सेफर्ट ने 36 गेंदों में 62 रनों की तेज तर्रार पारी खेली. सेफर्ट की अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे.

इसके अलावा, ग्लेन फिलिप्स ने 16 गेंदों पर 24 रन बनाए, जबकि डेरिल मिचेल ने 18 गेंदों में नाबाद 39 रन कूट दिए. इस तरह न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 215 रनों का स्कोर खड़ा किया और भारत के सामने जीत के लिए 216 रनों का बड़ा टारगेट रखा. वहीं, भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके. जबकि रवि बिश्नोई और जसप्रीत बुमराह को 1-1 विकेट मिला.

165 रनों पर सिमटी टीम इंडिया

लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही और शानदार फॉर्म में चल रहे ओपनर अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले ही आउट हो गए. इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव भी सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और फिर संजू सैमसन 24 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद हार्दिक पांड्या भी सिर्फ 2 रन बनाकर चलते बने और भारत का स्कोर 63 रन पर 4 विकेट हो गया. हालांकि, चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रिंकू सिंह ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह ज्यादा देर टिक नहीं सके.

रिंकू 30 गेंदों पर 39 रन बनाकर आउट हो गए और 82 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई. इसके बाद शिवम दुबे 23 गेंदों में 3 चौक और 7 छक्कों के साथ 65 रनों की तेज तर्रार पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके. उनके आउट होते ही टीम इंडिया ताश के पत्तों की तरह ढह गई और पूरी टीम 18.4 ओवर में 165 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. वहीं, न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिचेल सैंटनर ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए. उनके अलावा, जैकब डफी और ईश सोढी ने 2-2 विकेट लिए, जबकि मैट हेनरी-जैकरी फाउल्क्स को 1-1 विकेट मिला.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: हार्दिक पांड्या ने ‘रॉकेट थ्रो’ से किया मिचेल सैंटनर का काम तमाम, VIDEO देख आप भी रह जाएंगे हैरान