IND vs NZ 1st T20I, Rinku Singh: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में बल्ले से धमाल मचाया. रिंकू ने एक बार फिर फिनिशर वाला रोल निभाते हुए आखिरी ओवरों में चौकों-छक्कों की बरसात कर दी. रिंकू ने लंबे समय बाद भारतीय टी20 टीम की प्लेइंग XI में वापसी की और उन्होंने इस मौके को दोनों हाथों से लपकते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 44 रन की तेज तर्रार पारी खेली.
इस दौरान उनके बल्ले से 4 चौके और 3 छक्के निकले. उन्होंने आखिरी ओवर में 2 छक्के और 2 छक्के लगाकर भारत का स्कोर 238/7 तक पहुंचा दिया. इसके साथ ही रिंकू के कुछ जबरदस्त आंकड़े भी सामने आए हैं, जो उन्हें T20I में डेथ ओवर्स का असली बॉस साबित करता है.
T20I में डेथ ओवर्स रिंकू सिंह का दमदार रिकॉर्ड
दरअसल, रिंकू सिंह ने अब तक टी20 इंटरनेशनल में 19वें और 20वें ओवर में 74 गेंदों पर 213 रन बनाए हैं. यह जानकर हैरानी होगी उनके कुल टी20I करियर के करीब 35.8 फीसदी रन सिर्फ आखिरी दो ओवरों में आए हैं. रिंकू ने टी20 इंटरनेशनल की 26 पारियों में कुल 594 रन बनाए हैं, जिसमें से 213 रन उन्होंने डेथ ओवर्स में ठोके हैं.
इतना ही नहीं, इन आखिरी दो ओवरों में उनके नाम 22 छक्के और 14 चौके दर्ज हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 287.83 का रहा है, यानी करीब 48.6 फीसदी रन उन्होंने सीधे बाउंड्री से बटोरे हैं. ये आंकड़े साफ बताते हैं कि रिंकू सिंह को क्यों इस वक्त टीम इंडिया के सबसे भरोसेमंद फिनिशरों में से एक माना जाता है. यही वजह है कि रिंकू को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम स्क्वॉड में भी जगह मिली है.
🚨Rinku Singh Play only 32 balls in whole 2025 in T20Is for India. 🚨
— Sam (@Cricsam01) January 21, 2026
– Rinku Who carry Team India batting lineup after collapsed was benched for whole 2025. 😳
– It's shame for Management who Benched a player like Rinku Singh. 🤯pic.twitter.com/rdfdHQSRKt
भारत ने 48 रनों से जीता मैच
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 238 रनों का स्कोर खड़ा किया था, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 35 गेंदों पर 84 रनों की धमाकेदार पारी खेली. वहीं, रिंकू ने नाबाद 44 रन और हार्दिक ने 25 रनों की पारी खेली.
इसके जवाब में उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरू से ही दवाब में दिखी और 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन ही बना सकी. न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों में 78 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके और भारत ने 48 रनों से मैच जीत लिया. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने इस 5 मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली.

