Shivam Dube

7 छक्के-3 चौके, 15 गेंदों पर ठोका अर्धशतक… शिवम दुबे ने आतिशी पारी से लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

IND vs NZ, Shivam Dube Records: विशाखापट्टनम में खेले गए न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया को भले ही 50 रनों से हार झेलनी पड़ी हो, लेकिन स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सबका दिल जीता. 216 रनों के बड़े टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया शुरुआत में ही लड़खड़ा गई और 165 रनों पर सिमट गई.

हालांकि, छठे नंबर पर बैटिंग करने उतरे शिवम दुबे ने जबरदस्त फाइट की और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया. दुबे ने 23 गेंदों पर 282.61 के स्ट्राइक रेट से 65 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 7 छक्के और 3 चौके जड़े. इस धमाकेदार पारी के साथ ही दुबे ने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए हैं.

टी20I क्रिकेट में भारत के लिए तीसरा सबसे तेज अर्धशतक

न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 में टीम इंडिया ने लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 63 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवा दिया था. इसके बाद क्रीज पर आए शिवम दुबे ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपनी पारी की शुरुआत की. दुबे ने एक ओवर में 3 छक्के और 2 चौके लगाकर सिर्फ 15 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया. इसी के साथ दुबे टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए तीसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.

फिलहाल भारत के लिए सबसे तेज टी20I अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने साल 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ महज 12 गेंदों पर फिफ्टी लगाकर इतिहास रचा था. वहीं, इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने 25 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में ही 14 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था.

टी20I क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज

  • युवराज सिंह – 12 गेंदें
  • अभिषेक शर्मा – 14 गेंदें
  • शिवम दुबे – 15 गेंदें
  • हार्दिक पांड्या – 16 गेंदें
  • अभिषेक शर्मा – 17 गेंदें

दुबे ने तोड़ा सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड

शिवम दुबे ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच में 23 गेंदों पर 282.61 के स्ट्राइक रेट से 65 रनों की तूफानी पारी खेली. इसी के साथ वह भारत के लिए टी20I के एक मैच में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए हैं. इस मामले में उन्होंने सूर्याकुमार यादव को पीछे छोड़ दिया है.

सूर्या ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 277.27 के स्ट्राइक रेट से 61 रनों की पारी खेली थी, लेकिन अब वह चौथे नंबर पर आ गए हैं. इस लिस्ट में युवराज सिंह पहले स्थान पर काबिज हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 362.50 के स्ट्राइक रेट से 58 रन बनाए थे.

भारत के लिए एक T20I पारी में बेस्ट स्ट्राइक रेट (कम से कम 50 रन)

  • 362.50 – युवराज सिंह ( बनाम इंग्लैंड 16 गेंदों पर 58 रन)
  • 340.00 – अभिषेक शर्मा (बनाम न्यूजीलैंड 20 गेंदों पर 68* रन)
  • 282.60 – शिवम दुबे बनाम न्यूजीलैंड 23 गेंदों पर पर 65 रन)
  • 277.27 – सूर्यकुमार यादव (बनाम साउथ अफ्रीका 22 गेंदों पर 61 रन)
  • 274.41 – रोहित शर्मा (बनाम श्रीलंका 43 गेंदों पर 118 रन)
  • 263.15 – केएल राहुल (बनाम स्कॉटलैंड 19 गेंदों पर 50 रन)

ऋतुराज गायकवाड़ को भी छोड़ा पीछे

इसके अलावा, शिवम दुबे टी20I मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों के लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर आ गए हैं. दुबे ने ईश सोढ़ी के एक ओवर में कुल 28 रन बनाए. वहीं, रोहित ने 2004 में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क के एक ओवर में इतने रन कूट थे.

इस मामले में उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक ओवर में 27 रन बनाए थे. इस लिस्ट में टॉप पर युवराज सिंह का नाम हैं, जिन्होंने साल 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ एक ओवर में 6 छक्कों के साथ 36 रन बनाए थे.

T20I के एक ओवर में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज

  • 36 रन – युवराज सिंह बनाम (स्टुअर्ट ब्रॉड, इंग्लैंड 2007)
  • 30 रन – संजू सैमसन बनाम (रिशाद हुसैन, बांग्लादेश 2024)
  • 28 रन – रोहित शर्मा बनाम (मिशेल स्टार्क, ऑस्ट्रेलिया 2024)
  • 28 रन – शिवम दुबे बनाम (ईश सोढ़ी, न्यूजीलैंड 2026)
  • 27 रन – ऋतुराज गायकवाड़ बनाम (ग्लेन मैक्सवेल, ऑस्ट्रेलिया 2023)
  • 26 रन – अभिषेक शर्मा बनाम (डायोन मायर्स, जिम्बाब्वे 2024)
  • 26 रन – सूर्यकुमार यादव बनाम (हारून अरशद, एचकेजी 2022)
  • 26 रन – रोहित शर्मा बनाम (हामिश बेनेट, न्यूजीलैंड 2020)
  • 25 रन – विराट कोहली बनाम (किरोन पोलार्ड, वेस्टइंडीज 2019)

ये भी पढ़ें- ‘पाकिस्तान में नहीं T20 WC बायकॉट करने की हिम्मत’, भारतीय क्रिकेटर ने PCB को किया बुरी तरह ट्रोल