Team India

IND vs NZ: T20 सीरीज के लिए भारत के स्क्वॉड में हुआ बड़ा बदलाव, श्रेयस अय्यर और रवि बिश्नोई की हुई एंट्री

India vs New Zealand T20 Series: भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस समय तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है, जिसका आखिरी मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा. इस सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच 21 जनवरी से 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है. टी20 सीरीज के शुरुआत से पहले टीम इंडिया के स्क्वॉड में बड़ा बदलाव किया गया है.

टीम के स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर चोट की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह टीम में रवि बिश्नोई की टीम में एंट्री हुई है. वहीं, तिलक वर्मा भी शुरुआती तीन मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, ऐसे में उनकी जगह श्रेयस अय्यर की टीम में शामिल किया गया है. श्रेयस को दो साल बाद टी20 टीम में जगह मिली है.

वॉशिंगटन सुंदर की जगह रवी बिश्नोई को मिला मौका

न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम स्क्वॉड में बड़ा फेरबदल किया गया है. दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी को वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मैच में वॉशिंगटन सुंदर को इंजरी हो गई थी. सुंदर को गेंदबाजी के दौरान पसलियों के निचले हिस्से में तेज दर्द महसूस हुआ. इसके बाद उनका स्कैन कराया गया, जिसमें पता चला कि उन्हें साइड स्ट्रेन की समस्या है.

डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों के आराम की सलाह दी है. अब सुंदर आगे के इलाज के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे. उनकी जगह टीम में लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को शामिल किया गया है. बिश्नोई ने भी फरवरी 2025 से बाद से ही भारत के लिए कोई टी20 मैच नहीं खेला है.

श्रेयस अय्यर की 2 साल बाद टी20 टीम में हुई एंट्री

वहीं, तिलक वर्मा भी चोट की वजह से अस्पताल में भर्ती हुए थे और उन्हें सर्जरी भी करानी पड़ी. माना जा रहा है कि वह करीब एक महीने तक क्रिकेट से दूर रह सकते हैं. इसी कारण बीसीसीआई ने उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन टी20 मैचों से बाहर कर दिया है. ऐसें अब उनकी जगह शुरुआती तीन मुकाबलों के लिए श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल किया गया है.

अय्यर की 2 साल बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी हुई है. उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी टी20I मैच दिसंबर 2023 में खेला था. बता दें कि, श्रेयस अय्यर ने साल 2021 में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था. अब तक वह 51 टी-20 मैचों में 1104 रन बना चुके हैं, जिसमें उनके नाम 8 अर्धशतक भी दर्ज हैं.

T20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का अपडेटेड स्क्वॉड

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर (शुरुआती तीन मैचों के लिए), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन, रवि बिश्नोई.

ये भी पढ़ें- VHT 2025-26: विश्वराज जडेजा ने बल्ले मचाई तबाही, पंजाब को हराकर सौराष्ट्र ने कटाया फाइनल का टिकट