Shreyas Iyer

IND vs NZ: श्रेयस अय्यर तोड़ देंगे विराट और धवन का बड़ा रिकॉर्ड! ऐसा करने वाले बन जाएंगे नंबर-1 भारतीय बल्लेबाज

IND vs NZ, Shreyas Iyer Record: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार, 14 जनवरी को राजकोट में खेला जाएगा. पहले वनडे में शानदार जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया की नजरें अब दूसरे वनडे को भी जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर टिकी होगी. वहीं, दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के पास इतिहास रचने का मौका होगा.

श्रेयस अगर इस मैच में सिर्फ 34 रन बनाने में कामयाब रहते हैं तो वह वनडे में भारत के लिए सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. इस मामले में वह शिखर धवन और विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ देंगे.

श्रेयस अय्यर के पास इतिहास रचने का मौका

भारतीय स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इतिहास रचने के दहलीज पर खड़े हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में श्रेयस सिर्फ 34 रन बनाते ही वनडे में अपने 3000 रन पूरे कर लेंगे. इसी के साथ वह भारत के लिए सबसे तेज 3000 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. इस मामले में वह शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जिन्होंने 72 वनडे पारियों में 3000 रन बनाए थे. वहीं, कोहली ने 75 वनडे पारियों में 3000 रन पूरे किए थे.

हालांकि, अब श्रेयस अय्यर के पास सिर्फ 69 पारियों में 3000 वनडे रन बनाकर विराट और धवन दोनों को पीछे छोड़ने का मौका है. उन्होंने अपने वनडे करियर में अब तक खेले 74 मैचों की 68 पारियों में 47.84 की औसत से 2966 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 23 अर्धशतक निकले हैं.

वनडे में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज

  • शिखर धवन- 72 पारी
  • विराट कोहली- 75 पारी
  • केएल राहुल- 78 पारी
  • नवजोत सिंह सिद्धू- 79 पारी
  • सौरव गांगुली- 82 पारी

विव रिचर्ड्स की कर सकते हैं बराबरी

इतना ही नहीं, श्रेयस अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 34 रन बना लेते हैं तो वह वनडे में सबसे तेज 3000 बनाने के मामले में वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज विव रिचर्ड्स की बराबरी कर लेंगे. इसी के साथ वह ऐसा करने वाले रिचर्ड्स के साथ संयुक्त रूप से चौथे बल्लेबाज बन जाएंगे. फिलहाल वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज 3000 रन बनाने का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के हाशिम आमला के नाम दर्ज है. आमला ने सिर्फ 57 पारियों में यह कारनामा किया था.

बता दें कि, श्रेयस इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में रन चेज करते हुए 49 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी. इससे पहले उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में पंजाब के लिए वापसी करते हुए 82 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: दूसरे वनडे में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 बदलनी तय, इस खिलाड़ी को मिल सकता है डेब्यू का मौका