Suryakumar Yadav has 3rd most 50+ score for India in successful run chase T20

IND vs NZ: फॉर्म में लौटते ही सूर्यकुमार यादव ने किया बड़ा कारनामा, रोहित-विराट की एलीट लिस्ट में बनाई जगह

IND vs NZ: टीम इंडिया के टी20 कप्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते फैंस को खुश कर दिया है. इस सीरीज से पहले उनका फॉर्म टीम इंडिया के लिए एक बड़ा चिंता का कारण नजर आ रहा था लेकिन अब वो टी20 विश्व कप 2026 से पहले लय में आ चुके हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार 2 मैचों में उन्होंने अर्धशतक जड़ टीम को जीत तक पहुंचाया. इस सीरीज में अभी तक वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. सीरीज में फॉर्म में वापसी करते हुए उन्होंने एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित कर लिया है. उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली की एलीट लिस्ट में जगह बना ली है. 

भारत की जीत में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर

टीम इंडिया के लिए टी20 इंटरनेशनल में सफल रन चेज करते हुए सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है. उन्होंने 16 बार ये कमाल किया है तो वहीं टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ये कमाल 11 बार कर चुके हैं. टी20 टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान और टी20 स्पेशलिस्ट कहे जाने वाले सूर्या भी अब इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं. टी20 इंटरनेशनल मैच खेलते हुए वो 9 बार भारत के सफल रन चेज में 50+ का स्कोर बना चुके हैं और इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं. 

टी20 विश्व कप से पहले फॉर्म में लौटे कप्तान

टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी फॉर्म हासिल कर ली है. टी20 विश्व कप से पहले उनका फॉर्म टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर को और भी ज्यादा मजबूती देने का काम करेगा. उन्होंने इस सीरीज में अब तक खेले 3 मैचों में 171 रन बनाए हैं और इस दौरान वो 8 छक्के भी जड़ चुके हैं. तीसरे टी20 में उन्होंने 26 गेंदों का सामना करते हुए 57 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. टी20 इंटरनेशनल में सूर्या 3 हजार रनों के आंकड़े के बेहद ही करीब हैं. चौथे टी20 मैच में वो ये बड़ी उपलब्धि भी हासिल कर सकते हैं. 

ये भी पढ़िए- पावरप्ले में अभिषेक शर्मा जैसा कोई नहीं…3rd T20I में धुआंधार बल्लेबाजी कर तोड़ डाला रोहित शर्मा का रिकॉर्ड