India vs New Zealand 2nd T20I

IND vs NZ: ईशान-सूर्या ने बल्ले से मचाया कोहराम, दूसरे टी20I में भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से रौंदा

India vs New Zealand 2nd T20I: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. रायपुर में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने जीत के लिए 209 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे टीम इंडिया ने ईशान किशन (76) और सूर्यकुमार यादव (84*) की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर 15.2 ओवर में ही हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया.

यह T20I इतिहास में 200 से ज्यादा रनों का अब तक का सबसे तेज रन चेज है. इस धमाकेदार जीत के साथ ही भारत ने इस 5 मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है. इससे पहले भारतीय टीम ने नागपुर में खेले गए पहले टी20 मैच में कीवियों को 48 रनों से मात दी थी.

ईशान और सूर्या ने उड़ाई कीवी गेंदबाजों की धज्जियां

209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को शुरुआत में ही दो बड़े झटके लगे और सिर्फ 6 रन के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए. संजू सैमसन ने सिर्फ 6 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा अपना खाता तक भी नहीं खोल सके. हालांकि, इसके बाद ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 48 गेंदों पर 122 रनों की तूफानी साझेदारी की.

ईशान ने सिर्फ 32 गेंदों पर 76 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें उन्होंने 11 चौके और 4 छक्के जड़े. वहीं, कप्तान सूर्या ने 37 गेंदों पर नाबाद 82 रनों की धमाकेदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के लगाए. सूर्या ने हर्षित राणा के साथ चौथे विकेट के लिए 81 रनों की अटूट साझेदारी कर भारत को जीत दिला दी. हर्षित ने 18 गेंदों में एक चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 36 रनों की तेज तर्रार पारी खेली. टीम इंडिया ने 15.2 ओवर में 3 विकेट पर 209 रन बनाकर मैच 7 विकेट से जीत लिया.

न्यूजीलैंड ने बनाए थे 208 रन

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने अच्छी शुरुआत की थी. टिम सेफर्ट और डेवोन कॉनवे ने मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 3.2 ओवर में 43 रन जोड़े. लेकिन इसके बाद मैच का रुख पलट गया और 43 के स्कोर पर ही दोनों बल्लेबाज पवेलियन लौट गए. सेफर्ट ने 24 रन, जबकि कॉनवे ने 19 रन बनाए. इसके बाद रचिन रविंद्र और ग्लेन फिलिप्स ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की. रविंद्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 44 रन बनाए.

इसके बाद कप्तान मिचेल सैंटनर ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में नाबाद 47 रन ठोक दिए, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल था. आखिरी ओवरों में न्यूजीलैंड ने तेजी से रन बटोरे और भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी तीन ओवर में 47 रन लुटा दिए. इस तरह न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 208 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. वहीं, भारत की ओर से कुलदीप यादव ने सर्वाधिक 2 विकेट झटके. जबकि हार्दिक पांड्या, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को 1-1 विकेट मिला.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: ईशान किशन ने तोड़ा अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड, ताबड़तोड़ अर्धशतक ठोक रच दिया इतिहास