India vs New Zealand 3rd T20I

IND vs NZ: अभिषेक-सूर्या ने बल्ले से मचाई तबाही, भारत ने सिर्फ 10 ओवर में धमाकेदार जीत के साथ किया सीरीज पर कब्जा

India vs New Zealand 3rd T20I: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में 8 विकेट से धमाकेदार जीत हासिल की. गुवाहाटी में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 153 रनों का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में टीम इंडिया ने सिर्फ 10 ओवर में 154 रनों का लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया.

भारत की ओर से अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तूफानी अर्धशतक जड़े. अभिषेक ने नाबाद 68 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्या ने नाबाद 57 रनों की पारी खेली. इस जीत के साथ ही भारत ने इस 5 मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है और सीरीज अपने नाम कर लिया है.

न्यूजीलैंड ने दिया था 154 रनों का टारगेट

इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था. वहीं, पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत काफी खराब रही. कीवी टीम ने सिर्फ 34 रन के स्कोर पर 3 अहम विकेट गंवा दिए. डेवोन कॉन्वे (1), रचिन रवींद्र (4) और टिम सेफर्ट (12) सस्ते में ही पवेलियन लौट गए. हालांकि, इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन ने पारी को संभालने की कोशिश की. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 52 रनों की अहम साझेदारी की.

फिलिप्स ने 40 गेंदों में 48 रन बनाए, जबकि चैपमैन ने 23 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेली. आखिर में कप्तान मिचेल सेंटनर ने 27 रन जोड़कर न्यूजीलैंड की टीम का स्कोर 20 ओवर में 9 विकेट पर 153 रन तक पहुंचाया. वहीं, भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके. वहीं, हार्दिक पांड्या और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट लिए, जबकि हर्षित राणा को 1 सफलता मिली.

अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्या ने ठोके तूफानी अर्धशतक

154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को पहली ही गेंद पर झटका लगा और ओपनर संजू सैमसन बिना खाता खोले ही आउट हो गए. हालांकि, इससे अभिषेक शर्मा को कोई फर्क नहीं पड़ा और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 14 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया, जो भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है. वहीं, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी धमाकेदार अंदाज बल्लेबाजी करते हुए में अर्धशतक जड़ा और मैच भारत की झोली में डाल दिया.

अभिषेक सिर्फ 20 गेंदों पर 7 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन ठोके. वहीं, कप्तान सूर्या ने 26 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाए. अपनी पारी में सूर्या ने 6 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के लगाए. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 104 रनों की तूफानी अटूट साझेदारी की और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की लाइन-अप को तहस-नहस कर दिया. अभिषेक और सूर्या की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर भारत ने सिर्फ 10 ओवर में दो विकेट खोकर 155 रन बना दिए और 8 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया.

ये भी पढ़ें- 6,6,6,6,4,4,4,4,4… अभिषेक शर्मा ने फिर बल्ले से उड़ाया गर्दा, सिर्फ 14 गेंदों पर ठोक दिया दूसरा सबसे तेज T20I अर्धशतक