India vs New Zealand 2nd ODI: शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में 7 विकेट हार का सामना करना पड़ा. राजकोट में खेले गए इस मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 285 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में कीवी टीम ने 47.3 ओवर में 7 विकेट पर 286 रन बनाकर मैच आपने नाम कर लिया. न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने नाबाद 131 रनों की शानदार शतकिय पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाई. इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड की टीम ने इस तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है.
भारतीय टॉप ऑर्डर रही फ्लॉप
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इसके बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी की. लेकिन रोहित (24 रन) के आउट होने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई और लगातार विकेट गिरते चले गए. इस मैच में विराट कोहली और श्रेयस अय्यर का भी बल्ला नहीं चला और दोनों सस्ते में पवेलियन लौट गए.
कोहली ने 23 रन बनाए तो अय्यर सिर्फ 8 रन पर चलते बने. हालांकि, गिल 53 गेंदों में 9 चौके और एक छक्के की मदद से 56 रनों की पारी खेली. वहीं, केएल राहुल ने पारी को संभाला और शानदार शतक जड़ते हुए भारत को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. राहुल ने 92 गेंदों पर नाबाद 112 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 11 चौके और एक छक्का लगाया. उनकी इस पारी के बदौलत भारतीय टीम 50 ओवर में 7 विकेट पर 284 रनों का स्कोर खड़ा करने सफल रही.
डेरिल मिचेल ने खेली शानदार शतकीय पारी
285 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सिर्फ 22 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा. डेवोन कॉनवे सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हो गए और उसके बाद हेनरी निकोलस भी सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. कीवी टीम ने 42 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे. हालांकि, चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे डेरिल मिचेल ने विल यंग के साथ मिलकर पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी की. यंग 98 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 87 रन बनाकर आउट हुए.
वहीं, मिचेल एक छोर पर टिके रहे और भारतीय गेंदबाजों की धुनाई करते हुए शानदार शतक जड़ दिया. मिचेल ने 117 गेंदों पर नाबाद 131 रनों की लाजवाब पारी खेली, जिसमें उन्होंने 11 चौके और दो छक्के लगाए. उनकी इस पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने 47.3 ओवर में 7 विकेट पर 286 रन बनाकर 7 विकेट से मैच जीत लिया. इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है और अब सीरीज का तीसरा वनडे निर्णायक मुकाबला बन गया है. दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा.

