India vs New Zealand 3rd ODI

IND vs NZ: विराट कोहली का शतक गया बेकार, न्यूजीलैंड ने सीरीज जीतकर रच दिया इतिहास

India vs New Zealand 3rd ODI: टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में 41 रनों से हार झेलनी पड़ी. इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 338 रनों का विशाल टारगेट रखा था, लेकिन भारतीय टीम 46 ओवर में 296 रन पर ऑलआउट हो गई. इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने 2-1 से सीरीज भी अपने नाम कर ली. यह भारतीय सरजमीं पर न्यूजीलैंड की पहली वनडे सीरीज जीत है. इस मैच में न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने शानदार शतकिय पारी खेली.

विराट कोहली का शतक गया बेकार

338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने सिर्फ 71 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे. रोहित शर्मा सिर्फ 11 रन और कप्तान शुभमन गिल 23 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं, श्रेयस अय्यर महज 3 रन और केएल राहुल मात्र 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. हालांकि, नंबर-3 पर बैटिंग करने उतरे विराट कोहली ने पारी को संभाला और शानादर बल्लेबाजी करते हुए 91 गेंदों पर शतक जड़ा.

कोहली ने इस मैच में 108 गेंदों में 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से 124 रनों की शानदार पारी खेली. उनके अलावा, नीतिश कुमार रेड्डी ने 53 रन बनाए और हर्षित राणा ने 43 गेंदों पर 4 चौके और 4 छक्कों के साथ 52 रनों की पारी खेली. हालांकि, कोहली का शतक भी भारत को हार से नहीं बचा पाया. भारतीय टीम 46 ओवर में 296 रन पर ऑलाउट हो गई और न्यूजीलैंड ने 41 रनों से मैच जीतकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर लिया.

डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने ठोका शतक

इस मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो शुरुआत में सही भी साबित हुआ. अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में हेनरी निकोल्स को बिना खाता खोले आउट कर दिया. इसके बाद हर्षित राणा ने डेवन कॉन्वे (5) को पवेलियन भेज दिया. न्यूजीलैंड ने सिर्फ 5 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे. हालांकि, इसके बाद बैटिंग करने उतरे डेरिल मिचेल ने विल यंग के साथ मिलकर पारी को संभाला और 53 रनों की साझेदारी की. यंग ने 41 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए.

लेकिन मिचेल एक छोर पर टिके रहे और ग्लेन फिलिप्स के साथ मिलकर 219 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की. मिचेल और फिलिप्स दोनों ने शतक जड़ा. फिलिप्ल 88 गेंदों में 106 रन बनाकर आउट हुए. वहीं मिचेल ने 131 गेंदों में 15 चौके और 3 छक्कों की मदद से 137 रनों की शानदार पारी खेली. इन दोनों की शानदार पारी के दम पर न्यूजीलैंड की टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 337 रनों का स्कोर खड़ा किया. वहीं, भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने 3-3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को 1-1 सफलता मिली.

न्यूजीलैंड ने भारत में जीती पहली ODI सीरीज

इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने भारतीय सरजमीं पर इतिहास रच दिया है. दरअसल, न्यूजीलैंड की टीम ने भारत में पहली बार ODI सीरीज जीती है. इससे पहले कीवी टीम लगातार 7 सीरीज हार चुकी थी और अब तक भारत में ODI सीरीज जीतने में असफल रही थी. हालांकि, अब माइकल ब्रेसवेल की कप्तानी में कीवी टीम ने 8वीं सीरीज में जीत हासिल कर 38 साल के इस सूखे को खत्म कर दिया है.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: इंदौर में विराट कोहली ने शतक ठोक रचा इतिहास, तोड़ डाला सहवाग-रिकी पोंटिंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड