India vs New Zealand 4th T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार, 28 जनवरी को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा. इस सीरीज में टीम इंडिया ने अब तक काफी शानदार प्रदर्शन किया है और 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है. गुवाहाटी में शानदार जीत के साथ सीरीज पर कब्जा करने वाली टीम इंडिया की नजरें अब एक बड़ी जीत के साथ-साथ क्लीन-स्वीप के करीब पहुचंने पर होगी.
वहीं, न्यूजीलैंड की टीम जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी. इस मुकाबले से पहले आइए जानते हैं वाइजैग में कैसा है टीम इंडिया का टी20I रिकॉर्ड और यहां की पिच पर किसको मदद मिलेगी.
वाइजैग में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड?
टीम इंडिया को विशाखापट्टनम का मैदान काफी रास आता है. यहां पर अब तक भारतीय टीम ने 4 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें से 3 में जीत हासिल की है और सिर्फ 1 में हार मिली है. भारत ने इस मैदान पर आखिरी बार नवंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 मैच खेला था, जिसमें टीम ने 209 रन का टारगेट चेज कर 2 विकेट से जीत दर्ज की थी. आंकड़ों को देखकर साफ लगता है कि कीवी टीम के लिए यहां जीत हासिल करना आसान नहीं होने वाला और सूर्या एंड कंपनी एक और बड़ी हासिल करने उतरेगी.
वाइजैग की पिच रिपोर्ट
भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा टी20 मुकाबला विशाखापट्टनम के डॉ. वाई एस राजशेखर रेड्डी ACA-VDCA स्टेडियम में खेला जाएगा. यहां की पिच बल्लेबाजों का स्वर्ग मानी जाती है और बल्लेबाज यहां खूब चौके-छक्के लगाते हैं. यहां की पिच सपाट होती है, जिससे अच्छा उछाल मिलता है और गेंद बल्ले पर अच्छे से आती है. यानी पहले तीन मैचों की तरह यहां भी रनों की बरसात देखने को मिल सकती है.
इस मैदान पर अब तक कुल 12 टी20I खेले गए हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम सिर्फ 3 बार जीत दर्ज की है, जबकि रन चेज करने वाली टीम ने 9 मैच अपने नाम किए हैं. पहली पारी का औसत स्कोर करीब 127 रन, जबकि दूसरी पारी का औसत 117 रन रहा है.
IND vs NZ 4th T20I: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती.
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी, जैकब डफी/लॉकी फर्ग्यूसन.

