Team India Visits Padmanabhaswamy Temple: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला शनिवार, 31 जनवरी को तिरुवंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस सीरीज में टीम इंडिया फिलहाल 3-1 से आगे है और अब आखिरी मैच में जीत के साथ शानदार समापन करना चाहेगी.
इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया के कई खिलाड़ी तिरुवंतपुरम के श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर पहुंचे और भगवान का आशीर्वाद लिया. इस दौरान भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह और कुलदीप यादव समेत कई स्टार खिलाड़ी मौजूद रहे. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पद्मनाभस्वामी मंदिर पहुंची टीम इंडिया
न्यूजीलैंड के खिलाफ 5वें और आखिरी टी20I मुकाबले के लिए भारतीय टीम केरल के तिरुवंतपुरम पहुंच चुकी है. मैच से पहले टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी शुक्रवार की सुबह तिरुवंतपुरम के श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कप्तान सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई केरल के पारंपरिक कपड़े मुंडू और मेलमुंडू पहने हुए दिखाई दिए.
इसके अलावा, टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप भी मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे. भारतीय खिलाड़ियों ने मंदिर में करीब आधा घंटा बिताया और भगवान पद्मनाभस्वामी का आशीर्वाद लिया. स्टार खिलाड़ियों की झलक पाने के लिए वहां फैंस की भारी भीड़ भी देखने को मिली. बता दें कि, तिरुवंतपुरम में स्थित श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर दक्षिण भारत के सबसे पूजनीय हिंदू तीर्थ स्थलों में से एक है.
#WATCH | Kerala: The Indian cricket team, which recently arrived in Thiruvananthapuram, is offering darshan at the Sree Padmanabhaswamy Temple. pic.twitter.com/87NPkHYzxT
— ANI (@ANI) January 30, 2026
चौथे टी20I मैच में भारत को मिली थी हार
न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में टीम इंडिया ने काफी शानदार प्रदर्शन किया है और शुरुआती तीन मैचों में लगातार जीत हासिल कर सीरीज अपने नाम कर चुकी है. हालांकि, विशाखापत्तनम में खेले गए सीरीज के चौथे टी20 में टीम इंडिया को 50 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 215 रन बनाए थे. इसके जवाब में टीम इंडिया 18.4 ओवर में 165 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
अब भारतीय टीम पांचवें टी20 मैच में जीत हासिल कर सीरीज का शानदार समापन करना चाहेगी. इस सीरीज के बाद टीम को सीधे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उतरना है. ऐसे में भारतीय टीम जीत की पटरी पर लौटने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.

