IND vs ZIM, U19 World Cup 2026

IND U19 vs ZIM U19: वैभव सूर्यवंशी के बाद विहान-अभिज्ञान ने मचाया कोहराम, भारत ने 204 रनों से जीता मुकाबला

IND vs ZIM, U19 World Cup 2026: आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप के सुपर-6 मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ 204 रनों से बड़ी जीत दर्ज की. बुलवायो में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 352 रनों का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 37.4 ओवर में सिर्फ 148 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस मैच में भारत की ओर विहान मल्होत्रा ने शतक जड़ा, तो वहीं वैभव सूर्यवंशी और अभिज्ञान कुंडू ने शानदार अर्धशतकिय पारी खेली. यह भारत की इस टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत है.

विहान मल्होत्रा ने ठोका शानदार शतक

इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने फैसला किया था. इसके बाद भारतीय पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक ठोक दिया. वैभव ने 30 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के जड़े. हालांकि, अरोन जॉर्ज 23 रन और कप्तान आयुष म्हात्रे सिर्फ 21 रन बनाकर आउट हो गए. भारत ने 101 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिया था. इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे विहान मल्होत्रा ने पारी को संभाला और 57 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया.

मल्होत्रा ने 107 गेंदों पर नाबाद 109 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 7 चौके लगाए. इसी के साथ विहान इस वर्ल्ड कप में भारत के लिए शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बने. वहीं, अभिज्ञान कुंडू ने 62 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 61 रनों की पारी खेली. आखिर में खिलन पटेल ने 30 रन और अंबरीश ने 21 रन जोड़े. भारत ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 352 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. वहीं, जिम्बाब्वे की ओर से तातेंदा चिमुगोरो ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए, जबकि पनाशे मज़ाई और सिंबाराशे मुदज़ेंगेरेरे ने 2-2 विकेट लिए.

148 रनों पर सिमटी जिम्बाब्वे की टीम


353 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम शुरू से दवाब में नजर आई. टीम को बिना खाता खोले ही पहला झटका लगा और टीम ने सिर्फ 24 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे. जिम्बाब्वे के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके और पूरी टीम 37.4 ओवर में 148 रन पर ऑलआउट हो गई. टीम के 8 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके. जिम्बाब्वे की ओर से सबसे ज्यादा लीरॉय चिवाउला ने 62 रनों की पारी खेली. उनके अलावा, ब्रैंडन सेन्ज़ेरे ने 37 रन और तातेंदा चिमुगोरो ने 29 रन बनाए.

वहीं, भारत के लिए उद्वव मोहन और कप्तान आयुष म्हात्रे ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए. जबकि आरएस अंबरीश ने 2 विकेट और हेनिल पटेल-खिलन पटेल को 1-1 सफलता मिली.

ये भी पढ़ें- 11 चौके-9 छक्के… हैरी ब्रूक ने ठोका धमाकेदार शतक, इस महारिकॉर्ड की कर ली बराबरी