Indian Women Cricket Team Tour of South Africa: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नजरें अब टी20 वर्ल्ड कप पर टिकी हैं. 12 जून से इंग्लैंड में महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होने वाली है. इस बड़े टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी, जहां टीम 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी. क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने इस टी20I सीरीज के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है.
टीम इंडिया की नई टी20 सीरीज का हुआ ऐलान
क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने मंगलवार, 20 जनवरी को अपने एक्स अकाउंट पर भारत के खिलाफ आगामी 5 मैचों की टी20 सीरीज के शेड्यूल का ऐलान किया. बोर्ड ने कहा कि उन्हें यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि वर्ल्ड कप फाइनलिस्ट साउथ अफ्रीका महिला टीम और भारतीय महिला टीम के बीच टी20 सीरीज खेली जाएगी. इस सीरीज की शुरुआत 17 अप्रैल से होगी और सीरीज का आखिरी मुकाबला 27 अप्रैल को खेला जाएगा. इस सीरीज के मुकाबले डरबल, जोहान्सबर्ग और बेनोनी में होंगे. यह सीरीज साउथ अफ्रीकी महिला टीम के लिए ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों के लिए आखिरी मौका होगा.
भारत महिला बनाम साउथ अफ्रीका महिला टी20 सीरीज का पूरा शेड्यूल
| तारीख | मैच | मैदान | शहर |
|---|---|---|---|
| 17 अप्रैल 2026 | पहला T20I | किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड | डरबन |
| 19 अप्रैल 2026 | दूसरा T20I | किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड | डरबन |
| 22 अप्रैल 2026 | तीसरा T20I | वांडरर्स स्टेडियम | जोहान्सबर्ग |
| 25 अप्रैल 2026 | चौथा T20I | वांडरर्स स्टेडियम | जोहान्सबर्ग |
| 27 अप्रैल 2026 | पांचवां T20I | विलोमूर पार्क क्रिकेट स्टेडियम | बेनोनी |
12 जून से होगा महिला टी20 वर्ल्ड कप का आगाज
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून से इंग्लैंड में होने वाला है. इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें 6-6 के दो ग्रुप में बांटा गया है. टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के साथ ग्रुप ए में रखा गया है. इस ग्रुप की दो टीमें महिला वर्ल्ड कप क्वालिफायर के बाद तय होंगी. टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी.
बता दें कि, साउथ अफ्रीका के दौरे से पहले भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी जाएगी. इस दौरे के दौरान दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी, जो 15 से 21 फरवरी तक चलेगी. इस सीरीज के लिए भारतीय टीम स्क्वॉड का ऐलान भी कर दिया गया है.

