India vs New Zealand ODI Head to Head Record: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11 जनवरी से तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत होने जा रही है. इस सीरीज के लिए दोनों टीमों का ऐलान हो गया है. टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी, जबकि माइकल ब्रेसवेल न्यूजीलैंड टीम की कप्तानी संभालेंगे. वहीं, इस सीरीज में भारत के दो दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली भी धमाल मचाते हुए नजर आएंगे.
टीम इंडिया ने पिछली वनडे सीरीज में साउथ अफ्रीका को 2-1 से हराया था, जिसमें रोहित-कोहली ने भी शानदार प्रदर्शन किया था. अब टीम न्यूजीलैंड से भिड़ने के लिए तैयार हैं. सीरीज की शुरू होने से पहले आइए जानते हैं भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे क्रिकेट में कैसा रहा है रिकॉर्ड?
भारत-न्यूजीलैंड के बीच वनडे में किसका पलड़ा भारी?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अक्सर कड़ी टक्कर देखने को मिलती है. हालांकि, वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी नजर आता है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 120 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 62 मैचों में टीम इंडिया ने बाजी मारी है, जबकि 50 मैचों में न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की हैं. वहीं, 7 मैच बेनतीजा रहे हैं. इसके अलावा, एक मुकाबला टाई भी रहा है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में भारत का जीत प्रतिशत 55.30 का है. वहीं, दोनों टीमें अब तक कुल 17 वनडे सीरीज में आमने-सामने हुई हैं, जिसमें से 9 सीरीज भारत ने जीती हैं और 6 सीरीज में न्यूजीलैंड ने बाजी मारी है. वहीं, 2 सीरीज ड्रॉ रहे हैं. बता दें कि, भारत ने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ सभी 7 सीरीज जीती हैं.
भारतीय सरजमीं पर कीवी टीम का रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड का भारतीय सरजमीं पर बहुत बुरा हाल रहा है. न्यूजीलैंड की टीम पिछले 9 सालों से भारतीय धरती पर भारत के खिलाफ वनडे मुकाबला नहीं जीत पाई है. न्यूजीलैंड ने आखिरी बार भारत के खिलाफ भारतीय सरजमीं पर वनडे मैच साल 2017 में जीता था. वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए उस मुकाबले में कीवी टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी. उसके बाद से कीवी टीम जीत के लिए तरस रही है.
भारत में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 41 वनडे मैच खेले गए हैं, जिसमें से 31 मैचों में टीम इंडिया ने जीत हासिल की है, जबकि न्यूजीलैंड ने सिर्फ 8 मैचों में जीत दर्ज की है. वहीं, दो मुकाबले रद्द रहे हैं.
वनडे सीरीज के लिए दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जड़ेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जयसवाल.
न्यूजीलैंड: माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), आदि अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लर्कसन, डेवोन कॉनवे, जैफ फाउल्क्स, मिच हे, कााइल जैमीसन, निक केली, जेडन लेनोक्स, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल रे और विल यंग.

