India Women Squad For ODI and T20I Series vs Australia: भारतीय महिला क्रिकेट टीम फरवरी-मार्च में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी, जहां दोनों टीमों के बीच 3 ODI, तीन T20I और एक टेस्ट मैच खेली जाएगी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय वनडे और टी20 का ऐलान कर दिया है. दोनों ही फॉर्मेट में टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में रहेगी, जबकि स्मृति मंधाना उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी.
वनडे सीरीज के लिए WPL के कई नए खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है. वहीं, 7 साल बाद एक धाकड़ बल्लेबाज की टी20 टीम में वापसी हुई है. हाल ही में वर्ल्ड चैंपियन बनी भारतीय टीम की नजर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ व्हाइट-बॉल क्रिकेट में पहली बार सीरीज जीतने पर होगी.
तीन नए खिलाड़ियों को मिला मौका
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम में तीन नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. हाल ही में भारत के लिए टी20 में डेब्यू करने वाली वैष्णवी शर्मा, जी कमलिनी और कश्वी गौतम को पहली बार वनडे टीम में जगह मिली है. कमालिनी को वनडे और टी20 दोनों टीम में चुना गया है. वहीं, उमा छेत्री, यास्तिका भाटिया और प्रतिका रावल को इस टीम में जगह नहीं मिल पाई है.
ODI टीम में कश्वी गौतम की वापसी खास मानी जा रही है, उन्हें सिर्फ वनडे स्क्वॉड में रखा गया है. वहीं, हरलीन देओल को ODI टीम में जगह मिली है, लेकिन T20I टीम से बाहर रखा गया है.
T20I टीम में हुई धाकड़ खिलाड़ी की वापसी
श्रीलंका के खिलाफ खेली गई पिछली T20I सीरीज की तुलना में इस बार सिर्फ दो बदलाव किए गए हैं. हरलीन देओल की जगह श्रेयांका पाटिल की वापसी हुई है, जो चोट से उबरकर लौट रही हैं. इसके अलावा, भारती फुलमाली को भी टीम में शामिल किया गया है. फुलमाली करीब 7 साल बाद T20I टीम में लौटी हैं, उन्होंने आखिरी बार 2019 में भारत के लिए T20 मैच खेला था.
भारत की T20I टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, अमनजोत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, श्रेयांका पाटिल.
भारत की ODI टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), कश्वी गौतम, अमनजोत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल.
भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे का शेड्यूल
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज 15 फरवरी से सिडनी में शुरू होगी. इसके बाद 24 फरवरी से ODI सीरीज खेली जाएगी. दोनों सीरीज में कुल 3-3 मुकाबले होंगे.
T20I सीरीज का शेड्यूल
| मैच | तारीख | स्थान |
|---|---|---|
| पहला T20 | 15 फरवरी | सिडनी |
| दूसरा T20 | 19 फरवरी | कैनबरा |
| तीसरा T20 | 21 फरवरी | एडिलेड |
वनडे सीरीज का शेड्यूल
| मैच | तारीख | स्थान |
|---|---|---|
| पहला वनडे | 24 फरवरी | ब्रिसबेन |
| दूसरा वनडे | 27 फरवरी | होबार्ट |
| तीसरा वनडे | 1 मार्च | होबार्ट |

