IPL 2026 Schedule: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के लिए सभी टीमों ने अपनी-अपनी तैयारियां तो शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक शेड्यूल का ऐलान नहीं हो सका है. दरअसल, BCCI को कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का इंतजार है, जिके बाद आईपीएल 2026 के शेड्यूल की घोषणा हो सकती है.
इसी बीच बीसीसीआई ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और राजस्थान रॉयल्स (RR) को अल्टीमेटम दे दिया है. बोर्ड ने मंगलवार, 20 जनवरी को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग में दोनों फ्रेंचाइजियों को 27 जनवरी तक की डेडलाइन देते हुए अपने होम ग्राउंड को लेकर फैसला करने को कहा है.
RCB और राजस्थान रॉयल्स के होम ग्राउंड पर सस्पेंस
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, RCB और राजस्थान रॉयल्स दोनों टीमों के होम ग्राउंड को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. BCCI ने दोनों फ्रेंचाइजियों को 27 जनवरी तक अपने होम मैच जयपुर और बेंगलुरु में कराएंगी या नहीं इसपर फैसला लेने को कहा है. जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में RR के मैच इसलिए अटके हुए हैं, क्योंकि राजस्थान क्रिकेट संघ के चुनाव अब तक नहीं हो पाए हैं.
ऐसे में राजस्थान रॉयल्स अपने होम मैच पुणे में खेल सकती है. वहीं, IPL 2025 की विनिंग सेलिब्रेशन के दौरान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ के कारण RCB अपने होम मैच वहां कराने को लेकर असमंजस में है. कर्नाटक सरकार ने स्टेडियम को सशर्त मैच आयोजित करने की मंजूरी तो दे दी है, लेकिन वो शर्तें RCB की टेंशन बढ़ा दी है.
🚨 RR & RCB have to update the BCCI about their home venue by deadline January 27th for IPL 2026 🚨 pic.twitter.com/3cuD6yAiQx
— Vishal Varma (@vishalcricket0) January 21, 2026
कर्नाटक सरकार के नए कानून से डर में RCB!
दरअसल, कर्नाटक सरकार के नए कानून ने RCB की चिंता और भी बढ़ा दी है. रिपोर्ट के मुताबिक, चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत के दुखद घटना के बाद कर्नाटक सरकार ने ऐसा कानून पास किया है, जिससे RCB के मालिक डरे हुए हैं. कर्नाटक सरकार ने कहा है कि अगर स्टेडियम में कोई मैच या इवेंट हो रहा हो और इस दौरान आसपास की सड़कों पर भी कोई हादसा होता है, तो उसकी जिम्मेदारी आयोजकों की होगी.
ऐसे में RCB अपने 5 मैच नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में आयोजित करने की सोच रहा है, जिसके लिए आरसीबी को मुंबई इंडियंस से मदद मांगनी होगी. रिपोर्ट के अनुसार, RCB पांच मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में और दो मैच रायपुर में कराने का प्लान बना रही है. हालांकि, नवी मुंबई में मैच कराने के लिए RCB को मुंबई इंडियंस से NOC लेनी होगी, क्योंकि IPL के नियमों के अनुसार एक ही शहर में दो टीमों के होम मैच नहीं हो सकते.
कब होगा IPL 2026 के शेड्यूल का ऐलान?
IPL 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा. इस सीजन में चेन्नई, दिल्ली, लखनऊ, मुंबई (वानखेड़े), कोलकाता, अहमदाबाद, न्यू चंडीगढ़, हैदराबाद, धर्मशाला, विशाखापट्टनम, गुवाहाटी, जयपुर, बेंगलुरु, पुणे, रायपुर, रांची, नवी मुंबई (डीवाई पाटिल) और तिरुअनंतपुरम जैसे शहरों में मुकाबले आयोजित हो सकते हैं. लेकिन रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि IPL 2026 का पूरा शेड्यूल तब जारी किया जाएगा, जब तमिलनाडु, असम और बंगाल के चुनाव की तारीखें सामने आ जाएंगी.

