Irfan Pathan on T20 WC 2026 Semifinalist: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 आगाज होने जा रहा है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया इस बार खिताब बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. भारतीय टीम इस वर्ल्ड कप की प्रबल दावेदार भी मानी जा रही है. वहीं, टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले भविष्यवाणी का दौर जारी है. इसी बीच पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली 4 टीमों के नाम बताए हैं, जिसमें पाकिस्तान का नाम भी शामिल है.
इरफान पठान ने की बड़ी भविष्यवाणी
स्टार स्पोर्ट्स के एक शो पर बातचीत करते हुए इरफान पठान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनलिस्ट को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है. इरफान ने सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार टीमों के नाम बताए हैं, जिसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और पाकिस्तान का नाम शामिल है. इरफान के मुताबिक, मौजूदा फॉर्म, टीम का बैलेंस और बड़े टूर्नामेंट खेलने का अनुभव देखते हुए ये 4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचने की सबसे मजबूत दावेदार हैं.
इरफान ने सबसे पहले भारत का नाम लिया और कहा कि टीम इंडिया इस वक्त व्हाइट-बॉल क्रिकेट में काफी संतुलित नजर आ रही है. टॉप ऑर्डर आक्रामक है, मिडिल ऑर्डर में गहराई है और डेथ ओवर्स में अनुभवी गेंदबाज भी मौजूद हैं. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम का रिकॉर्ड भी काफी शानदार रहा है. वहीं, ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप क्रिकेट की असली ‘स्पेशलिस्ट’ मानी जाती है, जबकि टी20 क्रिकेट की सबसे इनोवेटिव टीमों में से एक है.
पाकिस्तान का नाम लेकर चौंकाया
इरफान पठान ने सेमीफाइनलिस्ट के तौर पर पाकिस्तान को भी अपनी लिस्ट में चुना, जिसने सबको चौंका दिया. पाकिस्तानी टीम को लेकर इरफान ने कहा कि “ये टीम हमेशा से ‘अनप्रेडिक्टेबल’ रही है. अगर उनकी गेंदबाजी चल पड़ी और बल्लेबाजों ने थोड़ा भी कंसिस्टेंट खेल दिखा दिया, तो वो किसी भी बड़ी टीम को चौंका सकते हैं. बड़े टूर्नामेंट में अचानक फॉर्म पकड़ लेना पाकिस्तान की सबसे बड़ी ताकत रही है, जो उन्हें सेमीफाइनल का मजबूत दावेदार बनाता है.
अब देखना दिलचस्प होगा कि इरफान पठान की ये भविष्यवाणी कितनी सही साबित होती है, क्योंकि सोशल मीडिया पर कई फैंस का मानना है कि पाकिस्तान को टॉप-4 में रखना उनकी सबसे बड़ी गलत भविष्यवाणी है.

