Jalaj Saxena

IPL 2026 ऑक्शन में अनसोल्ड रहे खिलाड़ी ने किया बड़ा कारनामा, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पूरे किए 500 विकेट

Jalaj Saxena: रणजी ट्रॉफी 2025-26 के दूसरे स्टेज के मुकाबले शुरू हो चुके हैं, जिसमें टीम इंडिया के कई स्टार खिलाड़ी भी अपना जलवा बिखेर रहे हैं. इसी बीच महाराष्ट्र के दिग्गज ऑलराउंडर जलज सक्सेना ने गोवा के खिलाफ मुकाबले में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. सक्सेना ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपने 500 विकेट पूरे कर लिए हैं.

इसी के साथ वह ऐसा करने वाले कुछ चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं. 39 साल के सक्सेना हाल ही में अबूधाबी में हुए आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे और उन्हें खरीदने में किसी भी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई थी.

जलज सक्सेना ने फर्स्ट क्लास में पूरे किए 500 विकेट

महाराष्ट्र के ऑलराउंडर जलज सक्सेना ने गोवा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले में कमाल की गेंदबाजी की और 6 विकेट हॉल अपने नाम किए. सक्सेना ने 34 ओवर में सिर्फ 79 रन देकर 6 बल्लेबाजों का पवेलियन का रास्ता दिखाया. इसी के साथ सक्सेना ने अपने फर्स्ट क्लास करियर में 500 विकेट पूरे कर लिए.

इस मैच से पहले सक्सेना के नाम फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 496 विकेट थे, लेकिन अब उनके नाम कुल 502 विकेट हो गए हैं. भारतीय फर्स्ट क्लास क्रिकेट के इतिहास में अब तक कुछ चुनिंदा खिलाड़ी ही ये कारनामा कर सके हैं. इस उपलब्धि के साथ ही सक्सेना ने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करवा लिया है. वह रणजी ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं.

रणजी ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

  • राजिंदर गोयल – 637
  • श्रीनिवासराघवन वेंकटराघवन – 530
  • जलज सक्सेना – 502
  • सुनील जोशी – 479 
  • विनय कुमार – 442
  • नरेंद्र हिरवानी – 441
  • बीएस चंद्रशेखर – 437

कौन हैं जलज सक्सेना?

जलज सक्सेना एक ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं, जो दाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी और दाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं. उनका जन्म 15 दिसंबर 1986 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था. घरेलू क्रिकेट में सक्सेना का लंबा और शानदार करियर रहा है, लेकिन उन्हें कभी भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिला. उन्होंने साल 2005 में मध्य प्रदेश के लिए फर्स्ट क्लास में पदार्पण किया था. इसके बाद वह 2016-17 सीजन से पहले केरल में चले गए और फिर 2025-26 सीजन के लिए महाराष्ट्र की टीम में शामिल हो गए.

सक्सेना ने अब तक अपने करियर में कुल 155 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 33.97 की औसत से 7202 रन बनाए और 496 विकेट झटके हैं. हालांकि, गोवा के खिलाफ 6 विकेट लेने के बाद उनके नाम फर्स्ट क्लास में 502 विकेट हो गए हैं. इसके अलावा, लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 109 मैचों में 2056 रन बनाए हैं और 123 विकेट हसिल किए हैं. इसके अलावा, सक्सेना 79 टी20 मैचों में 709 रन बनाए और 86 विकेट अपने नाम कर चुके हैं. बता दें कि वह रणजी ट्रॉफी में 6000 रन बनाने और 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर हैं.

आईपीएल 2026 में रहे थे अनसोल्ड

जलज सक्सेना ने आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में अपना नाम 40 लाख के बेस प्राइस पर रजिस्टर करवाया था, लेकिन उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला. हालांकि, सक्सेना कई सालों से मुंबई इंडियंस (MI), रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB), दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) जैसी कई IPL फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे हैं, लेकिन उन्हें खेलने के ज्यादा मौके नहीं मिले. उन्होंने 2021 में पंजाब किंग्स के लिए IPL में डेब्यू किया था, जो टूर्नामेंट में उनकी पहली और आखिरी उपस्थिति रही है.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: इस मैदान पर खेला जाएगा दूसरा टी20 मुकाबला, जानें कब और कहां देख पाएंगे लाइव प्रसारण