Jasprit Bumrah

VIDEO: T20 वर्ल्ड कप को लेकर जसप्रीत बुमराह ने शुरू की तैयारी, बेटे अंगद के साथ प्रैक्टिस करते आए नजर

Jasprit Bumrah Practice Video: भारतीय क्रिकेट टीम इस समय न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है. इसके बाद दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टी20I सीरीज खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 21 जनवरी से होगी. इस सीरीज में टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी एक्शन में नजर आएंगे. इस सीरीज के बाद टीम इंडिया सीधे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उतरेगी.

ऐसे में बुमराह ने इस सीरीज के साथ-साथ टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी है. बुमराह हाल ही में अपने बेटे अंगद के साथ नेट प्रैक्टिस करते हुए नजर आए. इसका वीडिया सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बेटे अंगद के साथ प्रैक्टिस करते नजर आए बुमराह

दरअसल, मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक क्यूट वीडियो शेयर किया है, जिसमें जसप्रीत बुमराह अपने दो साल के बेटे अंगद के साथ नेट प्रैक्टिस करते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो में बुमराह अपने बेटे को दिखा रहे हैं कि वह कैसे गेंदबाजी करते हैं और साथ ही उन्हें बॉलिंग करने के लिए भी बोल रहे हैं. अंगद भी अपने छोटे-छोटे हाथ से गेंदबाजी करने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहे हैं.

इस दौरान अंगद खूब इंजॉय करते हुए नजर आ रहे हैं और अपने पापा को बॉलिंग करते देख स्टंप्स फॉल डाउन, स्टंप्स फॉल डाउन कहते हुए सुनाई दे रहे हैं. बुमराह के बेटे की इस प्यारी हरकतें फैंस को काफी पसंद आ रही हैं और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

टी20 वर्ल्ड कप में बुमराह का शानदार रिकॉर्ड

जसप्रीत बुरमाह अपने करियर में अब तक तीन टी20 वर्ल्ड कप खेल चुके हैं. इस दौरान बुमराह ने कुल 18 मैचों में कमाल की गेंदबाजी करते हुए 14.3 के औसत से कुल 26 विकेट अपने नाम किए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7 रन देकर तीन विकेट है. बुमराह 2024 टी20 वर्ल्ड कप की विजेता भारतीय टीम का हिस्सा थे. बता दें कि, बुमराह टी20 क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और हाल ही में वह टी20I में 100 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बने. बुमराह टी20 इंटरनेशनल में अब तक 103 विकेट अपने नाम कर चुके हैं.

ये भी पढ़ें- कनाडा ने पंजाब में जन्मे खिलाड़ी को बनाया कप्तान, T20 World Cup 2026 के लिए स्क्वॉड का हुआ ऐलान