Faf du Plessis Ruled Out of SA20: साउथ अफ्रीका में खेले जा रहे SA20 का चौथे सीजन में जोबर्ग सुपर किंग्स (JSK) को बड़ा झटका लगा है. टीम के कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस अचानक चोट के कारण SA20 2025-26 सीजन के बाकी बचे हुए मुकाबलों से बाहर हो गए हैं.
सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी ने मंगलवार (13 जनवरी) को खुद इस बात की जानकारी दी है. फ्रेंचाइजी ने बताया है कि डु प्लेसिस के दाहिने अंगूठे के लिगामेंट में चोट आई है, जिसे ठीक करने के लिए उन्हें सर्जरी की जरूरत होगी. इसी वजह से अब वो SA20 में नहीं खेल पाएंगे.
फाफ डु प्लेसिस चोट के कारण SA20 से हुए बाहर
जोबर्ग सुपर किंग्स के कप्तान फाफ डु प्लेसिस चोट के कारण SA20 2025-26 सीजन के बाकी बचे मुकाबलों से बाहर हो गए हैं. 41 साल के डू प्लेसिस को दाहिने अंगूठे के लिगामेंट में चोट लगी है, जिसके चलते उन्हें अब सर्जरी से गुजरना होगा. उन्हें यह चोट 10 जनवरी को MI केपटाउन के खिलाफ खेले गए मुकाबले में फील्डिंग के दौरान लगी थी, जिसके बाद वह बैटिंग करने भी नहीं आए थे.
मैच के बाद JSK के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने पुष्टि की कि डु प्लेसिस के अंगूठे की हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से बल्ला भी नहीं पकड़ पा रहे थे. इसी चोट के कारण अब वह आधिकारिक तौर पर बाकी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, जो सुपर किंग्स की टीम के लिए बड़ा झटका है. हालांकि, फ्रेंचाइजी ने अभी तक डू प्लेसिस के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है.
SA20 के मौजूदा सीजन में डु प्लेसिस का प्रदर्शन
फाफ डु प्लेसिस ने SA20 के मौजूदा सीजन में खेले 7 मैचों की पांच पारियों में 27 की औसत और 151.68 के स्ट्राइक रेट से 135 रन बनाए हैं. वहीं, डु प्लेसिस की कप्तानी में जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स ने अब तक खेले 7 मैचों में से तीन जीते और दो हारे हैं. JSK अभी पॉइंट्स टेबल में 17 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद है.
बता दें कि, सुपर किंग्स के लिए यह इस सीजन दूसरा बड़ा झटका है. इससे पहले राइली रूसौ को हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं.

