Finn Allen Century in BBL

8 छक्के-5 छक्के… KKR के 2 करोड़ी खिलाड़ी ने BBL में सिर्फ 51 गेंदों पर ठोका धमाकेदार शतक

Finn Allen Century in BBL: आईपीएल 2026 का आगाज होने में अभी लगभग दो महीने का वक्त बचा है, लेकिन उससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के फैंस के लिए खुशखबरी सामने आई है. आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में केकेआर ने जिस खिलाड़ी को 2 करोड़ रुपये में खरीदा था, उसने ऑस्ट्रेलिया में जारी बिग बैश लीग (BBL) में अपने बल्ले से धमाल मचाते हुए धमाकेदार शतक ठोक दिया है.
हम बात कर रहे हैं न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज फिन एलन की, जिन्होंने BBL में पर्थ स्कॉर्चर्स की ओर से खेलते हुए मेलबर्न रेनेगेड्स के खिलाफ सिर्फ 51 गेंदों पर शतक जड़ा और 101 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया.

फिन एलन ने BBL में ठोका धमाकेदार शतक

इस मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इसके बाद बैटिंग करने उतरी पर्थ स्कॉर्चर्स की टीम के लिए फिन एलन और मिशेल मार्श पारी की शुरुआत करने आए. मार्श सिर्फ 20 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन एलन एक छोर पर टिके रहे और शानदार शतक जड़ा. उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 51 गेंदों पर शतक जमाया.

एलन ने 53 गेंदों पर 101 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 5 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के लगाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 190.57 का रहा. उनके अलावा, टीम का कोई भी बल्लेबाज 25 का आंकड़ा भी नहीं छू सका. एलन की इस शानदार पारी के बदौलत स्कॉर्चर्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 219 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही.

IPL 2026 में KKR के लिए करेंगे डेब्यू

फिन एलन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 सीजन के लिए ऑक्शन में 2 करोड़ रुपये में खरीदा है. एलन ने अभी तक IPL में नहीं खेला है और वह इस सीजन केकेआर के लिए अपना आईपीएल डेब्यू करेंगे. हालांकि, उन्होंने BBL में शानदार प्रदर्शन किया है और अब तक खेले 18 मैचों में 27.38 की औसत से 493 रन बनाए हैं.

इसके अलावा, उनके नाम इंग्लैंड की फ्रेंचाइजी लीग वाइटैलिटी ब्लास्ट में 589 रन और PSL में 213 रन दर्ज हैं. अब वह आईपीएल में रंग जमाने के लिए तैयार हैं और केकेआर फैंस को उनसे इसी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी.

ये भी पढ़ें- WPL 2026: MI के सामने पहली जीत की तलाश में उतरेगी UP Warriorz की टीम, कहां देख पाएंगे लाइव एक्शन?