Mujeeb Ur Rahman Hattrick: वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में 24 साल के अफगानी खिलाड़ी ने कमाल की गेंदबाजी का प्रदर्शन किया. कैरेबियाई बल्लेबाजों को चारों खाने चित्त करते हुए इस गेंदबाज ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर की पहली हैट्रिक हासिल की है. उनकी इस कमाल की गेंदबाजी के दम पर अफगानिस्तान की टीम ने दूसरे टी20 मैच में जीत हासिल करते हुए सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. टी20 विश्व कप से पहले अफगान टीम के लिए इस खिलाड़ी का ये प्रदर्शन बेहद ही खास होगा. दूसरी तरफ आईपीएल 2026 के लिए हुए ऑक्शन में ये खिलाड़ी अनसोल्ड रहा था. किसी भी फ्रेंचाइजी ने उनको इस सीजन खरीदने के लिए उत्सुकता नहीं दिखाई, जो कि काफी चौंकाने वाला भी था.
Mujeeb ur Rahman Zadran becomes the third Afghanistan player to take a T20I hat-trick.
— Pavilion Post (@CricinsightsX) January 21, 2026
🎥- @ACBofficials pic.twitter.com/GKOTCwZtHb
इतिहास के पन्नों में दर्ज हुआ मुजीब का नाम
मुजीब उर रहमान अफगानिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल में हैट्रिक लेने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले करामाती राशिद खान और करीम जनत ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. मुजीब के टी20 करियर की ये पहली हैट्रिक है. उन्होंने इस पारी में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को अपनी फिरकी के आगे नेस्तनाबूद कर दिया. उन्होंने इस पारी में 4 ओवर की गेंदबाजी करते हुए महज 21 रन खर्च किए और 4 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया.
अनोखे अंदाज में पूरी की हैट्रिक
मुजीब उर रहमान ने इस मैच में अनोखे अंदाज में हैट्रिक पूरी की. पहले वो वेस्टइंडीज की पारी के दौरान 8वें ओवर में गेंदबाजी करने के लिए उतरे. इस ओवर की आखिरी 2 गेंदों पर उन्होंने लगातार 2 विकेट चटकाए. हालांकि, इसके बाद उन्हें अपनी हैट्रिक पूरी करने के लिए इंतजार करना पड़ा. कप्तान राशिद खान ने उन्हें 16वें ओवर में गेंदबाजी थमाई, जिसकी पहली ही गेंद पर उन्होंने ब्रैंडन किंग का विकेट झटकते हुए अपनी हैट्रिक पूरी करने का कारनामा किया. उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर अफगानिस्तान की टीम ने सीरीज के दूसरे मुकाबले में जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की.

