PAK vs AUS, Babar Azam: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है. सीरीज का पहला मुकाबला आज यानी 29 जनवरी को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने मैदान पर उतरते ही एक बड़ा मुकाम अपने नाम कर लिया है. बाबर पाकिस्तान के लिए पाकिस्तान में 100 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं.
हालांकि, इस खास मैच में भी वह अपने बल्ले से कुछ कमाल नहीं कर सके. पाकिस्तानी फैंस को इस मैच में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने एक बार फिर सबको निराश किया और सिर्फ 24 रन बनाकर आउट हो गए.
बाबर आजम खास मैच में भी रहे फ्लॉप
लाहौर में खेले जा रहे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में बाबर आजम एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए. यह बाबर का पाकिस्तान में पाकिस्तान के लिए 100वां इंटरनेशनल मैच था, लेकिन इस खास मैच में भी वह अपने बल्ले से कुछ कमाल नहीं कर सके.
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे बाबर 20 गेंदों पर सिर्फ 24 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. हालांकि, इस पारी में उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया. उन्हें एडम जैम्पा ने LBW आउट किया. बाबर पिछले कुछ समय से लगातार खराब प्रदर्शन कर रहे हैं. वह पाकिस्तान की टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा हैं, लेकिन उनकी फॉर्म ने टीम की टेंशन बढ़ा दी है.
BBL में भी नहीं चला था बल्ला
इस सीरीज से पहले बाबर आजम ऑस्ट्रेलिया में होने वाली बिग बैश लीग (BBL) में सिडनी सिक्सर्स के लिए खेलते हुए नजर आए थे. BBL में भी बाबर का बल्ला खामोश रहा, जहां उन्होंने 11 मैचों में 22.44 की औसत और 103.06 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 202 रन बनाए. इस दौरान वह 6 पारियों में सिंगल डिजिट पर आउट हुए.
बाबर आजम का टी20I करियर
बाबर के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक पाकिस्तान के लिए 137 टी20I मैच खेले हैं, जिनकी 130 पारियों में उन्होंने 39.40 की औसत और 128.40 के स्ट्राइक रेट से कुल 4453 रन बनाए हैं. बाबर के नाम टी20I क्रिकेट में तीन शतक और 38 अर्धशतक दर्ज है और उनका बेस्ट स्कोर 122 रन है. बाबर फिलहाल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उनके बाद रोहित शर्मा 4231 रनों के साथ दूसरे नंबर पर हैं.

