Pakistan vs Australia 1st T20I

PAK vs AUS: पहले टी20I में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को चटाई धूल, सैम अयूब ने ऑलराउंड प्रदर्शन से लूटी महफिल

Pakistan vs Australia 1st T20I: पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 22 रनों से जीत दर्ज की. 29 जनवरी को लाहौर में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 168 रनों का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 146 रन ही बना सकी. पाकिस्तान की इस जीत के हीरो सैम अयूब रहे, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया. इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने इस तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है.

पाकिस्तान ने दिया था 169 रनों का टारगेट

इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पारी का आगाज करने उतरे साहिबजादा फरहान पहले ही गेंद पर बिना खाता खोले ही आउट हो गए. हालांकि, दूसरे ओपनर सैम अयूब एक छोर पर टिके रहे और 22 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 40 रनों की तेज तर्रार पारी खेली. सैम ने कप्तान सलमान अली आगा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की.

कप्तान सलमान ने 27 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 4 छक्के और एक चौका लगाया. उनके अलावा, बाबर ने 20 गेंदों में 24 रन, फखर जमान ने 10 रन और उस्मान खान ने 18 रन बनाए. इस तरह पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 168 रनों का स्कोर खड़ा किया. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडम जैम्पा ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके. जबकि जेवियर बार्टलेट और महली बियर्डमैन ने 2-2 विकेट लिए.

ऑस्ट्रेलिया की खराब बल्लेबाजी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई. ओपनर मैथ्यू शॉर्ट सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि ट्रैविस हेड 13 गेंदों पर 23 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद कैमरून ग्रीन ने थोड़ी देर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन बड़ी पारी खेलने में असफल रहे. ग्रीन 31 गेंदों पर 3 चौके और एक छक्के की मदद से 36 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी लड़खड़ा गई और ताश के पत्तों की तरह विकेट गिरते चले गए.

कूपर कॉनॉली (0), मिचेल ओवन (8), जोश फिलिप (12) और जैक एडवर्ड्स (5) सस्ते में ही पवेलियन लौट गए. आखिर में जेवियर बार्टलेट 34 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 146 रन ही बना सकी. वहीं, पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब और अबरार अहमद ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि शादाब खान और मोहम्मद नवाज को 1-1 विकेट मिला.

ये भी पढ़ें- PAK vs AUS: मैदान पर उतरते ही बाबर आजम ने हासिल किया बड़ा मुकाम, लेकिन खराब प्रदर्शन से फिर कटाई नाक