T20 World Cup Controversy: टी20 विश्व कप 2026 को शुरू होने में अब महज कुछ दिनों का समय ही बचा है लेकिन भारत और बांग्लादेश के बीच का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि बांग्लादेश की टीम टी20 विश्व कप 2026 में हिस्सा ले रही है या नहीं. आईसीसी की तरफ से अंतिम फैसले के लिए 21 जनवरी की तारीख तय की गई है. ग्लोबल गवर्निंग बॉडी अधिकारियों की मीटिंग में इस मामले में अपना अंतिम फैसला लेगी. इसी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक बार फिर से अपना असली रंग हर किसी को दिखाया है. बोर्ड बांग्लादेश के भारत में नहीं खेलने का समर्थन कर रहा है और इसके लिए उसकी तरफ से आईसीसी को एक लेटर भी लिखा गया है.
🚨PCB wrote a letter to ICC, showing strong support for Bangladesh's demand not to play in India. (ESPNcricinfo) pic.twitter.com/mKUj6Sp9bZ
— Rayham (@RayhamUnplugged) January 21, 2026
PCB की इस हरकत का कितना पड़ेगा असर?
पाकिस्तान की तरफ से की गई इस हरकत ने हर किसी के कान जरूर खड़े कर दिए हैं. ईएसपीएन क्रिकइन्फो की खबर के मुताबिक पाकिस्तान की इस हरकत का आईसीसी पर कोई असर नहीं पड़ेगा. आईसीसी अभी भी अपनी बात पर अड़ा हुआ है और बांग्लादेश के शेड्यूल और वेन्यू में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं होगा. ढाका में हाल फिलहाल में हुई मीटिंग में भी आईसीसी की तरफ से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को इस बात की जानकारी दे दी गई है. इस मामले में आखिरी फैसला बांग्लादेश को लेना है. अगर वो भारत नहीं आने के चलते टी20 विश्व कप में खेलने से मना करता है तो स्कॉटलैंड की टीम को टूर्नामेंट में शामिल किया जा सकता है.
कई बार हो चुकी है इस मामले में मीटिंग
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भारत में क्रिकेट नहीं खेलने को लेकर सुरक्षा कारणों का हवाला दे रहा है. इस पूरे मामले को लेकर कई मीटिंग के दौर हो चुके हैं. पहले वर्चुअल मीटिंग के जरिए मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया लेकिन जब बात नहीं बनी तो आईसीसी के ऑफिशियल इसके लिए बीसीबी से मीटिंग करने के लिए ढाका भी पहुंचे लेकिन तमाम आश्वासन के बाद भी बांग्लादेश अपनी बेतुकी बात पर अड़ा हुआ है और आईसीसी अभी तक इसके पक्ष में बिल्कुल भी नजर नहीं आ रहा है. 21 जनवरी को इस मामले पर आईसीसी का अंतिम फैसला आते ही सब कुछ साफ हो जाएगा.

