Pakistan Cricket Team

पाकिस्तान नहीं करेगा T20 वर्ल्ड कप 2026 का बॉयकॉट! मोहसिन नकवी की खोखली धमकी के बीच कटाया कोलंबो का टिकट

T20 World Cup 2026, Pakistan: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने हाल ही में 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बहिष्कार करने की धमकी थी. नकवी ने सरकार की मंजूरी मिलने तक वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम की भागीदारी पर फैसला नहीं लेने की बात कही थी. इस बीच खबर आई है कि पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने की पूरी तैयारी कर ली है और टीम को कोलंबो भेजने की तैयारी में है.

PCB ने टी20 वर्ल्ड कप टीम के लिए 2 फरवरी की सुबह श्रीलंका के कोलंबो का टिकट भी कटवा लिया है. इससे यह साफ हो गया है कि पाकिस्तान टूर्नामेंट या 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले हाई वोल्टेज मैच का बहिष्कार नहीं करेगा.

2 फरवरी को कोलंबो पहुंचेगी पाकिस्तान की टीम

न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से जुड़े सूत्रों ने गुरुवार (29 जनवरी) को बताया कि बोर्ड अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप के लिए 2 फरवरी को कोलंबो भेजने की तैयारी में है. सूत्र ने कहा, “पीसीबी ने वर्ल्ड कप टीम के लिए पहले ही यात्रा का इंतजाम कर दिया है. टीम 2 फरवरी को सुबह कोलंबो के लिए रवाना होगी.” टी20 वर्ल्ड कप के लिए कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान ने टीम का ऐलान किया है.

सूत्र ने आगे यह भी बताया कि पीसीबी ने भारत में खेलने को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की सुरक्षा चिंताओं पर पूरा समर्थन दिया था, लेकिन अब आगे वह कुछ भी नहीं करेगा जिससे आईसीसी में उसकी छवि खराब हो. बता दें कि, बीसीसीआई, पीसीबी और आईसीसी के बीच एक त्रिपक्षीय समझौता है, जिसके तहत 2027 तक आईसीसी इवेंट्स में भारत-पाकिस्तान के सभी मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाएंगे.

पाकिस्तान के पास बहिष्कार करने की कोई वजह नहीं

सूत्र ने आगे PTI को बताया कि “पाकिस्तान का पूरा वर्ल्ड कप शेड्यूल श्रीलंका में है. अगर वह फाइनल के लिए क्वालीफाई भी करता है तो फाइनल वहीं होगा. तो सवाल उठता है कि पाकिस्तान किस आधार पर टूर्नामेंट या भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगा?” उम्मीद है कि पीसीबी शुक्रवार (30 जनवरी) को आधिकारिक तौर पर टूर्नामेंट में अपनी भागीदारी की पुष्टि करेगा.

मीडिया में पिछले कुछ दिनों से ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि पाकिस्तान टूर्नामेंट से हट सकता है या भारत के साथ खेलने से मना कर सकता है, लेकिन एक अंदरूनी सूत्र ने ऐसी खबरों को अफवाह करार दिया. सूत्र के अनुसार, जब PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी, तब यह स्पष्ट किया गया था कि कोई भी फैसला पाकिस्तान क्रिकेट भविष्य को ध्यान में रखकर लिया जाएगा और ICC व अन्य सदस्य बोर्डों के साथ संबंध खराब नहीं किए जाएंगे.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान का स्क्वॉड

सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक.

ये भी पढ़ें- PAK vs AUS: पहले टी20I में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को चटाई धूल, सैम अयूब ने ऑलराउंड प्रदर्शन से लूटी महफिल