T20 World Cup 2026, Ravi Shastri

T20 वर्ल्ड कप 2026 में ये दो टीमें करेंगी 300 का आंकड़ा पार! रवि शास्त्री ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी

T20 World Cup 2026: टी20 क्रिकेट का महाकुंभ यानी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने में अब सिर्फ एक हफ्ते का समय बचा है, जिसमें कुल 20 टीमें खिताब के लिए जंग उतरेंगी. इस बड़े टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले भविष्वाणियों का दौर जारी है. इसी कड़ी में पूर्व भारतीय क्रिकेटर और टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने बड़ी भविष्यवाणी की है. शास्त्री ने उन दो टीमों का नाम बताए हैं जो इस टी20 वर्ल्ड कप में 300 रनों का आंकड़ा पार कर सकती हैं.

T20 वर्ल्ड कप में ये दो टीमें कर सकती हैं 300 का आंकड़ा पार

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और दिग्गज कमेंटेटर रवि शास्त्री ने बड़ी भविष्यवाणी करते हुए बताया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया 300 का आंकड़ा पार कर सकती हैं. ICC रिव्यू पर संजना गणेशन से बात करते हुए शास्त्री ने कहा, “मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया और भारत ऐसी टीमें हैं जो 300 रन का आंकड़ा पार कर सकती हैं. इन दोनों टीमों के पास जिस तरह के खिलाड़ी हैं, उन्हें देखते हुए मैं इन्हें इस मामले में सबसे आगे मानूंगा.”

उन्होंने आगे कहा, “इन दोनों टीमों के में बहुत विस्फोटक खिलाड़ी हैं, खासकर टॉप ऑर्डर में और अगर कोई एक खिलाड़ी टॉप पर 100 रन बना लेता है, तो आप 300 के करीब पहुंच जाते हैं.” बता दें कि, टी20 क्रिकेट के इतिहास में अभी तक सिर्फ तीन टीमें ही ऐसा कर पाई हैं, जिसमें से इंग्लैंड एकमात्र फुल मेंबर टीम है, जबकि अन्य दो टीमों में जिम्बाब्वे और नेपाल का नाम शामिल है.

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक नहीं हुआ है ऐसा

गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक किसी भी टीम ने 300 का आंकड़ा तक नहीं छुआ है. टी20 वर्ल्ड कप में अब तक सबसे बड़ा टोटल 260 रन है, जो 2007 में जोहान्सबर्ग में श्रीलंका ने केन्या के खिलाफ बनाया था. टूर्नामेंट में भारत का सबसे बड़ा स्कोर भी उसी एडिशन में आया था, जब उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 218 रन बनाए थे. वहीं, ऑस्ट्रेलिया का टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा टोटल 201 रन है.

7 फरवरी से होगा टी20 वर्ल्ड कप का आगाज

भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने जा रहा है. इसका फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा. इस दौरान 20 टीमों के बीच कुल 55 मुकाबले खेले जाएंगे. इस टूर्नामेंट के लिए भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है. भारतीय टीम 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेगी और फिर 15 फरवरी को कोलंबो में अपने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से भिड़ेगी. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम अपना पहला मैच 11 फरवरी को कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ खेलेगी.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: आखिरी टी20I मुकाबले से पहले पद्मनाभस्वामी मंदिर पहुंची टीम इंडिया, कप्तान सूर्या समेत कई प्लेयर्स ने लिया आशीर्वाद, देखें VIDEO