WPL 2026, RCB vs UPW: महिला प्रीमियर लीग के 18वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने यूपी वॉरियर्स को 8 विकेट से करारी मात देकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है. वडोदरा में खेले गए इस मुकाबले में यूपी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 144 रनों टारगेट दिया था, जिसें आरसीबी की टीम ने 13.1 ओवर में ही 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया. इस जीत के साथ ही स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली RCB टीम दूसरी बार WPL के फाइनल में जगह पक्की कर ली. RCB की इस जीत की हीरो ग्रेस हैरिस रहीं, जिन्होंने सिर्फ 37 गेंदों पर 75 रनों की तूफानी पारी खेली.
ग्रेस हैरिस और स्मृति मंधाना ने ठोका धमाकेदार अर्धशतक
144 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की टीम को ग्रेस हैरिस और स्मृति मंधाना ने दमदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 108 रनों की शानदार साझेदारी की. ग्रेस ने मैदान पर आते ही धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 28 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया. ग्रेस ने 37 गेंदों पर 202.70 के स्ट्राइक रेट से 75 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 13 चौके और 2 छक्के लगाए. ग्रेस के आउट होने के बाद कप्तान स्मृति मंधाना ने अर्धशतक जड़ दिया और नाबाद 54 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी. आरसीबी ने 13.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनकार मैच 8 विकेट से अपने नाम कर लिया.
यह आरसीबी की इस सीजन छठी जीत रही और 8 मैचों में 12 अंक हासिल कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. 2024 की चैंपियन टीम ने ग्रुप स्टेज के अपने मुकाबले पूरे कर लिए हैं. वहीं, यूपी वॉरियर्स ने 7 मैचों में चार अंक हासिल किए हैं और एक मैच बाकी हैं, लेकिन इस हार के साथ ही टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है.
दीप्ति शर्मा की मेहनत गई बेकार
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपी वॉरियर्स को मेग लैनिंग और दीप्ति शर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की. लैनिंग 30 गेंदों में 41 रन बनाकर आउट हो गईं. इसके बाद ऐमी जोन्स (1), हरलीन देओल (14) और क्लो ट्राईऑन (6) भी सस्ते में पवेलियन लौट गईं. हालांकि, दीप्ति ने एक छोर से पारी को संभाले रखा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा.
दीप्ति ने 43 गेंदों में 55 रनों बेहतरीन पारी खेली, जिसमें उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का लगाया. उनकी इस पारी की बदौलत यूपी की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 143 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. वहीं, आरसीबी की ओर से नदीन डी क्लर्क ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक 4 विकेट झटके. इसके अलावा, ग्रेस हैरिस ने 2 विकेट, जबकि श्रेयंका पाटिल और लॉरेन बेल ने 1-1 विकेट लिया.

