Rohit Sharma and Harmanpreet Kaur

भारत सरकार का बड़ा ऐलान, रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर को मिलेगा पद्म श्री सम्मान

Rohit Sharma and Harmanpreet Kaur: टीम इंडिया को 2024 टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीताने वाले पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और भारतीय महिला क्रिकेट टीम को पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाली कप्तान हरमनप्रीत कौर को पद्म श्री अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा. भारत सरकार ने (25 जनवरी) गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कार के लिए चुने गए 131 हस्तियों की लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर समेत खेल जगत से कुल 9 नाम शामिल हैं.

रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर को मिलेगा पद्म श्री

केंद्र सरकार ने खेल जगत से चुनी गई हस्तियों में रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर को पद्म श्री से सम्मानित करने का फैसला किया है. हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा को वर्ल्ड क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में गिना जाता है और बतौर कप्तान उनका रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है. रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती.

वहीं, हरमनप्रीत कौर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पहली ऐसी कप्तान हैं, जिन्होंने ICC ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा है. हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने पहली बार आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीता था. इसके अलावा, पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार को भी पद्म श्री अवॉर्ड से नवाजा जाएगा.

विजय अमृतराज को पद्म भूषण सम्मान

खेल जगत से भारत के तीसरे सबसे बड़े सम्मान पद्म भूषण के लिए पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को चुना गया है. वहीं, पद्म श्री के लिए अन्य खिलाड़ियों में सविता पूनिया, के पजनीवेल, बलदेव सिंह, भगवानदास रायकवार और जॉर्जिया के व्लादिमीर मेस्तविरिश्विली शामिल हैं. इस साल कुल 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार दिए गए हैं. इस लिस्ट में 19 महिला पुरस्कार विजेता, 6 विदेशी या विदेश में भारतीय मूल के लोग, और 16 मरणोपरांत सम्मान भी शामिल हैं.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: तीसरे टी20I के लिए भारत की प्लेइंग XI में हुए 2 बड़े बदलाव, अर्शदीप-वरुण हुए बाहर, इन दो खिलाड़ियों की हुई एंट्री