Ruturaj Gaikwad Records: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने एक बार फिर बल्ले का कमाल दिखाया है. महाराष्ट्र के कप्तान ऋतुराज ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के 7वें राउंड में गोवा के खिालफ मुकाबले में शानदार शतक जड़ दिया है. उन्होंने इस मुकाबले में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 134 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 8 चौके और 6 छक्के लगाए.
इस शतक के साथ ही ऋतुराज ने वो कारनामा कर दिखाया हो, जो आज तक कोई बल्लेबाज नहीं कर सका था. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज माइकल बेवन का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त करने के साथ तीन बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं.
ऋतुराज गायकवाड़ ने तोड़ा माइकल बेवन का वर्ल्ड रिकॉर्ड
गोवा के खिलाफ मुकाबले में महाराष्ट्र की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 52 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे. ऐसे में 5वें नंबर पर बैटिंग करने उतरे कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभाला और शतक जड़ दिया. ऋतुराज ने 131 गेंदों में 6 छक्के और 8 चौके की मदद से पर नाबाद 134 रनों की बेहतरीन पारी खेली. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 102.29 का रहा.
इस शतकीय पारी के साथ ही ऋतुराज ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज माइकल बेवन का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है. दरअसल, बेवन के नाम लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा औसत से रन बनाने का रिकॉर्ड था. बेवन ने अपने करियर में खेले कुल 427 लिस्ट ए मैच खेले और इस दौरान उनका औसत 57.86 का रहा. वहीं, अब ऋतुराज ने 95 मैचों में ही 58.83 का औसत हासिल कर ये वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्यादा शतक
वहीं, इस शतक के साथ अब ऋतुराज गायकवाड़ विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने महाराष्ट्र के ही अंकित बावने की बराबरी कर ली है. यह ऋतुराज के लिस्ट ए करियर का 20वां और विजय हजारे ट्रॉफी में 15वां शतक है.
विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी
ऋतुराज गायकवाड़ – 15
अंकित बावने – 15
देवदत्त पडिक्कल – 13
मयंक अग्रवाल – 13
बाबर आजम को भी छोड़ा पीछे
इसके अलावा, ऋतुराज ने इस शतकीय पारी के दम लिस्ट-ए क्रिकेट में 5000 रन भी पूरे कर लिए हैं. इसी के साथ वह लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज 5000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. बाबर ने 97 पारियों में 5 हजार बनाने का कारनामा किया था. वहीं, अब ऋतुराज ने अपनी 95वीं लिस्ट ए पारी में 5000 रन पूरे कर ये रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

