Ryan Rickelton

8 चौके और 9 छक्के… SA20 में रयान रिकेल्टन ने मचाया हाहाकार, धमाकेदार शतक ठोक रच दिया इतिहास

Ryan Rickelton Century Record: साउथ अफ्रीका में खेली जा रही फ्रेंचाइजी टी20 लीग SA20 2025-26 का 20वां मुकाबला शनिवार, 10 जनवरी को MI केपटाउन और जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स के बीच खेला गया. इस मैच में एमआई केपटाउन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जोहान्सबर्ग को 36 रन से हरा दिया. MI की इस जीत हीरो विकेटकीपर बल्लेबाज रयान रिकेल्टन रहे, जिन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा.
रयान ने सुपर किंग्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी और नाबाद 113 रनों की धमाकेदार शतकीय पारी खेली. इसी के साथ उन्होंने ऐसा कारनामा कर दिखाया जो SA20 के इतिहास में इससे पहले कोई बल्लेबाज नहीं कर पाया था.

रयान रिकेल्टन ने रचा इतिहास

जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में MI केपटाउन की पारी की शुरुआत करने उतरे रयान रिकेल्टन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया. रयान ने 60 गेंदों में नाबाद 113 रनों की लाजवाब पारी खेली, जिसमें उन्होंने 8 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के लगाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 188.33 का रहा.

इस बेहतरीन पारी के साथ ही रयान SA20 के इतिहास में दो शतक लगाने वाले पहले और इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले उन्होंने डरबन सुपर जायंट्स के खिलाफ शतक लगाया था. उनसे पहले कोई भी खिलाड़ी SA20 लीग में दो शतक नहीं लगा पाया था. इतना ही नहीं, मौजूदा सीजन में वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन चुके हैं. अब तक 7 मैचों में उन्होंने 63.40 की औसत से 317 रन बनाए हैं.

MI केपटाउन ने 36 रनों से जीता मैच

रयान रिकेल्टन की इस धमाकेदार पारी के बदौलत एमआई केपटाउन ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 234 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स की टीम को MI केपटाउन ने 198 रन पर ही रोक दिया और 36 रन से मैच अपने नाम कर लिया.

गेंदबाजी में एमआई के लिए कगिसो रबाडा और जॉर्ज लिंडे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट चटकाए. यह एमआई केपटाउन की इस सीजन दूसरी जीत रही और 7 मैचों के बाद टीम 10 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में 5वें नंबर पर पहुंच गई. वहीं, रयान को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ 1st ODI: फिर से एक्शन में दिखेंगे रोहित-कोहली, जानें कितने बजे शुरू होगा मैच और फ्री में कहां देख पाएंगे LIVE?