Sarfaraz Khan Mask, Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी 2025-26 में 29 जनवरी को मुंबई और दिल्ली के बीच खेले जा रहे मुकाबले में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सबको हैरान कर दिया. मुंबई के शरद पवार क्रिकेट अकादमी में खेले जा रहे इस मुकाबले में मुंबई के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज खान मास्क पहने हुए नजर आए. सरफराज मास्क पहनकर फील्डिंग करने मैदान पर उतरे, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. उनके छोटे भाई मुशीर खान भी मास्क पहने हुए दिखाई दिए. इस मैच की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.
सरफराज खान ने क्यों पहना मास्क?
रणजी मैच के दौरान सरफराज खान को मास्क पहने हुए देखकर लोग हैरान रह गए और सभी को लगा कि उन्होंने वहां के AQI की वजह से ऐसा किया है. मुंबई का AQI अभी 150 से ज्यादा है. लेकिन सोशल मीडिया पर मुंबई के कई रिपोर्टर्स ने बताया कि इसके पीछे की वजह AQI नहीं, बल्कि कंस्ट्रक्शन का काम है. दरअसल, मंबई और दिल्ली के बीच जहां ये मैच खेला जा रहा है, वहां पर कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है. इसकी वजह से वहां काफी धूल हो रही थी, जिससे बचने के लिए सरफराज ने मास्क पहन लिया. उनके अलावा, मुशीर खान और हिमांशु सिंह भी फील्डिंग के दौरान मास्क पहने हुए नजर आए.
दिल्ली की पहली पारी 221 पर सिमटी
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम पहली पारी में सिर्फ 221 रनों पर सिमट गई. दिल्ली की ओर से सिर्फ सनथ सांगवान ने शानदार प्रदर्शन किया और बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतक ठोका. सांगवान ने 218 गेंदों में 118 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 2 छक्के और 11 चौके जड़े. लेकिन उनके अलावा टीम का कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका.
प्रणव राजवंशी ने 39 रन और वैभव कांडपाल ने 32 रन बनाए, जबकि कप्तान आयुष दोसेजा बिना खाता खोले दूसरी गेंद पर ही आउट हो गए. वहीं, मुंबई के लिए मोहित अवस्थी ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए. तुषार देशपांडे और शम्स मुलानी को 2-2 विकेट मिले. पहले दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई ने एक विकेट के नुकसान पर 13 रन बना लिए हैं.

