Sarfaraz Khan smashed Double Hundred against Hyderabad

सरफराज खान ने दोहरा शतक जड़ा मचाई सनसनी, मोहम्मद सिराज की टीम के खिलाफ जमकर गरजा बल्ला

Ranji Trophy 2025-26: टीम इंडिया के स्टार मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सरफराज खान इन दिनों घरेलू क्रिकेट में अपनी गोल्डन फॉर्म से गुजर रहे हैं. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे के बाद अब रेड बॉल में उनका जलवा जारी है. उन्होंने मोहम्मद सिराज की कप्तानी वाली हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए दोहरा शतक जड़ दिया है. उन्होंने महज 206 गेंदों का सामना करते हुए मैच के दूसरे दिन ये कारनामा किया. फिलहाल, सरफराज टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं लेकिन अपनी फॉर्म से वो लगातार टीम इंडिया का दरवाजा खटखटा रहे हैं. 

फर्स्ट क्लास में सरफराज के कमाल के आंकड़े

सरफराज खान फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक जाना-माना नाम बन चुके हैं. उन्होंने खेले 60 मैचों की 90 पारियों में 63.15 की बेहतरीन औसत के साथ 4863 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 16 बार शतक तो वहीं 16 बार ही अर्धशतक भी जड़ा है. घरेलू क्रिकेट में सरफराज का फॉर्म बेहद ही कमाल का नजर आ रहा है. इससे पहले उन्होंने सैयद मुश्ताक अली और विजय हजारे ट्रॉफी में भी रिकॉर्ड शतक जड़े थे. 

फर्स्ट क्लास में पूरे किए 5 हजार रन

हैदराबाद के खिलाफ सरफराज खान के बल्ले से आई ये पारी बेहद ही खास रही. उन्होंने इस पारी के दम पर फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 5 हजार रन पूरे कर लिए हैं. इसी के साथ वो रणजी ट्रॉफी के लगातार 2 सीजन में 900 से ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले वसीम जाफर और अजय शर्मा ने ये कारनामा किया था. 

टीम इंडिया में कब होगी वापसी?

सरफराज खान ने घरेलू क्रिकेट में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर साल 2024 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था. वो अपना पहला टेस्ट मैच इंग्लैंड के खिलाफ खेलने के लिए उतरे थे. अब तक उन्हें टीम इंडिया के लिए 6 मैच खेलने का मौका मिला है, जिसकी 11 पारियों में उनके नाम 37 की औसत से 311 रन दर्ज हैं. फिलहाल, टीम इंडिया को टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलनी है खासकर से अगले 3 महीने तक तो कोई टेस्ट सीरीज नहीं है. ऐसे में आगामी घरेलू सीरीज के लिए सरफराज का नाम टीम में शामिल किया जा सकता है.

ये भी पढ़िए- T20 World Cup 2026 से पहले अचानक बदला न्यूजीलैंड का स्क्वॉड, 31 साल के इस गेंदबाज की हुई एंट्री