Shikhar Dhawan engaged to Sophie Shine: भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ सगाई कर ली है. उन्होंने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ शेयर की. दोनों बीते काफी लंबे समय से एक दूसरे को डेट कर रहे थे. धवन अक्सर सोफी के साथ बनाई हुए रील्स इंस्टाग्राम पर शेयर करते ही रहते हैं और फैंस भी दोनों की जुगलबंदी को काफी पसंद करते हैं. तस्वीर शेयर होने के साथ ही दोनों के लिए बधाई का तांता लग गया है और हर तरफ से उनको शुभकामनाएं मिल रही हैं. उन्होंने इस पोस्ट को शेयर करते हुए एक नोट भी लिखा है.
कैप्शन के साथ शेयर की तस्वीर
शिखर धवन ने सोमवार को सोफी शाइन के साथ सगाई की तस्वीर साझा की है. इस तस्वीर में दोनों का हाथ नजर आ रहा है और सोफी के हाथ में डायमंड रिंग दिख रही है. उन्होंने तस्वीर पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, “साथ में देखे गए सपनों से लेकर स्माइल तक. प्यार, ब्लेसिंग और हर शुभकामना के लिए मैं शुक्रगुजार हूं, क्योंकि हमने हमेशा साथ लेने का फैसला किया है.” फिलहाल इन दोनों की शादी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक फरवरी के अंत में वो शादी के बंधन में बंध सकते हैं.
चैंपियंस ट्रॉफी से मिली दोनों के रिश्ते को हवा
शिखर धवन की पहली शादी आयशा मुखर्जी के साथ हुई थी. साल 2023 में फैमिली कोर्ट ने दोनों के बीच तलाक को मंजूरी दे दी थी. इसके बाद साल 2025 में खेली गई चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान शिखर सोफी शाइन के साथ मैच देखने पहुंचे थे, जिसके बाद फैंस को इस रिश्ते के बारे में पता चला था. इसके बाद से धवन कई बार सोफी के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें और रील्स शेयर कर चुके हैं. सोफी एक आयरिश प्रोडक्ट कंसल्टेंट हैं और उन्होंने आयरलैंड से पढ़ाई की है.

