Shubman Gill

Shubman Gill: रणजी ट्रॉफी में फिर फ्लॉप हुए शुभमन गिल, कमबैक मैच की दोनों पारियों में इस गेंदबाज के बने शिकार

Shubman Gill Flop in Ranji Trophy: भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं और अब रणजी ट्रॉफी में भी उनका बल्ला नहीं चला. सौराष्ट्र के खिलाफ छठे राउंड के मुकाबले में पंजाब की कप्तानी कर रहे गिल दोनों पारियों में बुरी तरह से फ्लॉप रहे. पहली पारी में वह खाता तक नहीं खोल पाए थे.

इसके बाद फैंस को उनसे दूसरी पारी में बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह दूसरी पारी में सिर्फ 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. दोनों बार वह एक ही गेंदबाज का शिकार बने.

रणजी ट्रॉफी में फ्लॉप हुए शुभमन गिल

करीब दो महीने बाद रेड बॉल क्रिकेट में वापसी करने उतरे भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए. सौराष्ट्र के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच की पहली पारी में पंजाब के कप्तान गिल सिर्फ दो गेंद खेलकर बिना खाता खोले आउट हो गए थे. वहीं, दूसरी पारी में गिल ने 32 गेंदों का सामना किया और एक चौके की मदद से 14 रन बनाए.

हालांकि, वह इसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और जल्द ही आउट हो गए. दोनों बार उन्हें सौराष्ट्र के बाएं हाथ के स्पिनर पार्थ भुत ने LBW आउट किया. इसी के साथ गिल एक बार फिर अपनी लय को हासिल नहीं करने में नाकाम रहे और सभी को निराश किया.

हालांकि, पंजाब की शुरुआत पहले ही खराब हो चुकी थी. गिल (14) से पहले हरनूर सिंह 18 रन और प्रभसिमरन सिंह 17 रन बनाकर आउट हो गए थे. इसके बाद गिल ने उदय सहारन के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 गेंदों में 30 रन जोड़े. 320 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने 22 ओवर में 3 विकेट पर 86 रन बना लिए हैं और उसे जीत के लिए अब भी 234 रन चाहिए. इससे पहले पंजाब की टीम पहली पारी में सिर्फ 172 रन पर सिमट गई थी.

गिल ने 2025 में किया था शानदार प्रदर्शन

हालांकि, शुभमन गिल ने साल 2025 में टेस्ट क्रिकेट में काफी शानदार प्रदर्शन किया था. गिल ने 9 टेस्ट की 16 पारियों में 70.21 के औसत से 983 रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतक और 1 अर्धशतक शामिल है. इसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 269 रन रहा. इंग्लैंड दौरे पर उन्हें भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई थी, जहां उन्होंने बल्ले से धमाल मचाया और 10 पारियों में 75.40 के औसत से 754 रन बनाए थे.

ये भी पढ़ें- WPL 2026: RCB का विजय रथ रोकने के लिए उतरेगी DC, कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज पर होगी बड़ी जिम्मेदारी