Shubman Gill

Shubman Gill: रणजी के ‘रण’ में औंधे मुंह गिरे शुभमन गिल, बिना खाता खोले लौटे पवेलियन

Shubman Gill: भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं. लगातार खराब प्रदर्शन के कारण गिल को टी20 टीम से भी बाहर कर दिया गया और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भी उन्हें टीम में नहीं चुना गया. ऐसे में गिल अपनी लय को हासिल करने के लिए रणजी ट्रॉफी में उतरे थे, लेकिन यहां भी वह फ्लॉप रहे. वह सिर्फ 2 गेंद खेल सके और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए.

रणजी ट्रॉफी में भी नहीं चला गिल का बल्ला

शुभमन गिल गुरुवार को रणजी ट्रॉफी में पंजाब के लिए सौराष्ट्र के खिलाफ मुकाबले में खेलने उतरे, लेकिन उनका बल्ला नहीं चला. पहले पंजाब की कमान प्रभसिमरन सिंह के हाथों में थी, लेकिन गिल के आने के बाद उन्हें कप्तान बनाया गया. इस मुकाबले में सौराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 172 रन बनाए. इसके जवाब में उतरी पंजाब की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जल्द ही तीन विकेट गिर गए.

इसके बाद नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने उतरे गिल से फैंस को बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 2 गेंद खेलकर शून्य पर आउट हो गए. गिल को सौराष्ट्र के पार्थ भूत ने LBW आउट किया और पंजाब को बड़ा झटका दिया.

खराब फॉर्म से गुजर रहे गिल

शुभमन गिल पिछले कुछ समय से रनों के लिए संघर्ष करते हुए नजर आ रहे हैं और तीनों फॉर्मेट में उनका बल्ला नहीं चल रहा है. रणजी ट्रॉफी से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में गिल को अच्छी शुरुआत मिली थी, लेकिन वह बड़ी पारी खेलने में असफल रहे. गिल ने इस तीन मैचों की सीरीज में 45 की औसत और 95.05 के स्ट्राइक रेट से 135 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतकीय पारी खेली थी. इससे पहले गिल ने विजय हजारे ट्रॉफी में भी एक मैच खेला था, लेकिन वह सस्ते में आउट हो गए थे. अब देखना होगा कि क्या गिल दूसरी पारी में अपने बल्ले से कुछ कमाल कर पाते हैं या नहीं.

ये भी पढ़ें- रणजी ट्रॉफी में भी रवींद्र जडेजा का फ्लॉप शो जारी, शुभमन गिल की टीम के खिलाफ नहीं चला बल्ला