Sri Lanka vs England 3rd ODI: इंग्लैंड ने तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में श्रीलंका को 53 रनों से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली. कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 50 ओवर में 3 विकेट पर 357 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 46.4 ओवर में 304 रन पर ऑलआउट हो गई. इंग्लैंड की जीत के हीरो हैरी ब्रूक और जो रूट रहे. इंग्लैंड रूट ने नाबाद 111 रन बनाए, तो वहीं ब्रूक 136 रन बनाकर नाबाद रहे.
जो रूट-हैरी ब्रूक ने उड़ाई श्रीलंकाई गेंदबाजों की धज्जियां
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने सिर्फ 40 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे. ओपनर रेहान अहमद 24 रन और बेन डकेट सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए. हालांकि, इसके बाद जो रूट ने जैकब बेथेल के साथ मिलकर पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 126 रनों की साझेदारी की. बेथेल ने 72 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 65 रनों पारी खेली. हालांकि, रूट एक छोर पर टिके रहे और शानदार शतक जड़ा. रूट ने 108 गेंदों पर 111 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 9 चौके और एक छक्का लगाया.
वहीं, हैरी ब्रूक ने अंदाज में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 66 गेंदों पर नाबाद 136 रन की पारी खेली. अपनी पारी में ब्रूक ने 11 चौके और 9 छक्के जड़े. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 200 से ऊपर रहा. रूट और ब्रूक ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 191 रनों की अटूट साझेदारी कर मैच पूरी तरह इंग्लैंड के पक्ष में मोड़ दिया. इन दोनों की शानदार पारियों के दम पर इंग्लैंड ने 50 ओवर में 3 विकेट पर 357 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. श्रीलंका की ओर से धनंजय डी सिल्वा, वानिंदु हसरंगा और वांडरसै ने 1-1 विकेट चटकाए.
पवन रथनायके का शतक गया बेकार
357 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 46.2 ओवर में 304 रन पर ढेर हो गई. पाथुम निसांका ने 25 गेंदों में 50 रन की पारी खेली, जबकि कुसल मेंडिस 20 रन और कामिला मिश्रा 22 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए. श्रीलंका की ओर से पवन रथनायके ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा और सबसे ज्यादा 115 गेंदों पर 121 रनों की पारी खेली. स्थानयेक ने अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया.
वहीं, इंग्लैंड की ओर से लियम डॉसन और आदिल राशिद ने 2-2 विकेट झटके, जबकि जेमी ओवरटन और विल जैक्स को भी 2-2 सफलताएं मिलीं. इसी जीत के साथ ही इंग्लैंड ने 2-1 से सीरीज अपने नाम कर लिया. इससे पहले इंग्लैंड ने दूसरे वनडे और श्रीलंका ने पहला वनडे मैच जीता था. अब दोनों टीमों के बीच 30 जनवरी से तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी.

