SL vs ENG: वनडे सीरीज में जीत हासिल करने के बाद इंग्लैंड की टीम ने टी20 सीरीज की शुरुआत भी जीत के साथ कर दी है. बारिश से बाधित पहले टी20 मैच में इंग्लैंड की टीम ने 11 रनों के अंतर से जीत दर्ज की. इंग्लिश टीम के लिए इस मैच में सैम करन और फिल सॉल्ट जीत के हीरो बनकर सामने आए. 17 ओवर के मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 133 रन बनाए. टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 16.2 ओवरों में ही ऑलआउट हो गई. इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी इंग्लैंड की टीम ने 15 ओवरों में 125 रन बनाए और डकवर्थ लुईस नियम के तहत मैच अपने नाम कर लिया.
🎩 Sam Curran hat-trick
— England Cricket (@englandcricket) January 30, 2026
🧙♂️ Adil Rashid masterclass
😍 Match-winning knock from Salty
The 𝗽𝗲𝗿𝗳𝗲𝗰𝘁 start to our World Cup preparations! ✅ pic.twitter.com/gQLrCHdBbd
सैम करन ने हासिल की हैट्रिक
इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन का जलवा इस मुकाबले में देखने को मिला. उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए अपने इंटरनेशनल करियर की पहली हैट्रिक हासिल की. उन्होंने पारी के 16वें ओवर में ये कारनामा करते हुए दसुन शनाका, महीष तीक्ष्णा और मथीशा पथिराना के विकेट लगातार तीन गेंदों में चटकाए. इंग्लैंड के लिए टी 20 इंटरनेशनल में वो हैट्रिक लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं. इस मैच में उन्होंने 3 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 38 रन खर्च किए और 3 विकेट हासिल किए.
बुरी तरह फ्लॉप हुए श्रीलंका के बल्लेबाज
इस मैच में श्रीलंका के बल्लेबाज इंग्लिश गेंदबाजों के सामने बुरी तरह से फ्लॉप नजर आए. विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 20 गेंदों में 37 रनों की पारी खेली. उनके आउट होने के बाद पूरा बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखरता हुआ दिखा. इसके बाद गेंदबाजी में पथिराना को छोड़ दें तो कोई और गेंदबाज लय में नजर नहीं आया. पथिराना ने 4 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 18 रन खर्च किए और 1 विकेट अपने नाम किया. सीरीज का अगला मुकाबला अब 1 फरवरी को खेला जाएगा, जिसमें जीत हासिल की मेजबान सीरीज में वापसी करना चाहेंगे.

