SL vs ENG, Joe Root Century: इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट जब भी मैदान पर उतरते हैं तो कोई न कोई नया कारनामा कर ही देते हैं. जो रूट इस वक्त श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में अपने बल्ले से धमाल मचा रहे हैं. रूट ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक ठोक दिया है. यह रूट के वनडे करियर का 20वां और इंटरनेशनल करियर का 61वां शतक रहा. इसी शतक के साथ ही उन्होंने ब्रायन लारा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
जो रूट ने ठोका 61वां इंटरनेशनल शतक
कोलंबो में खेले जा रहे श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने सिर्फ 19 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया था. इसके बाद मैदान पर उतरे जो रूट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया. उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों की अच्छे से खबर ली और 100 गेंदों पर अपना 61वां इटरनेशनल शतक पूरा किया. उन्होंने 108 गेंदों पर नाबाद 111 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 9 चौके और एक छक्का लगाया.
यह रूट का 20वां वनडे शतक है. इसी के साथ रूट ने वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में वेस्टइंडीज के दिगग्ज बल्लेबाज ब्रायन लारा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. लारा ने अपने वनडे करियर में 19 शतक लगाए थे, जबकि रूट अब तक 20 वनडे शतक ठोक चुके हैं.
सौरव गांगुली और रोहित शर्मा को भी छोड़ा पीछे
इसके अलावा, जो रूट ने इस पारी के दौरान वनडे में अपने 7500 रन भी पूरे कर लिए. रूट इंग्लैंड के लिए अब तक खेले 189 वनडे मैचों में लगभग 50 की औसत से 7500 से ज्यादा रन बना चुके हैं. इसी के साथ उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 7500 रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है. गांगुली ने 185 वनडे पारियों में 7500 रन बनाए थे, जबकि रोहित ने 188 पारियों में यह कारनामा किया था.
हालांकि, रूट ने 178 पारियों में यह कमाल करके इन दोनों को पीछे छोड़ दिया है. फिलहाल वनडे में सबसे तेज 7500 रन बनाने का रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स के नाम दर्ज है, जिन्होंने 174 पारियों में 7500 वनडे रन बनाए थे. बता दें कि, रूट इंटरनेशनल क्रिकेट में छठे सबसे ज्यादा शतक (61) लगाने वाले बल्लेबाज हैं. उनसे आगे इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर (100), विराट कोहली (85), रिकी पोंटिंग (71), कुमार संगाकारा (63) और जैक्स कैलिस (62) हैं.

