Suryakumar Yadav moves to 7th position in latest ICC T20 Batter rankings

ICC Rankings में सूर्यकुमार यादव को तगड़ा फायदा, लगाई 5 पायदान की छलांग, शुभमन गिल को हुआ नुकसान

ICC Rankings: आईसीसी की तरफ से जारी की गई ताजा टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव का जलवा देखने को मिल रहा है. न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वो कमाल के रंग में बल्लेबाजी कर रहे हैं. इसका सीधा फायदा उन्हें रैंकिंग में हुआ है. ताजा रैंकिंग में अब वो 5 पायदान की छलांग लगाकर 7वें नंबर पर पहुंच गए हैं. 717 रेटिंग अंकों के साथ अब सूर्या ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श को पीछे छोड़ चुके हैं. टॉप 10 में अब 3 भारतीय बल्लेबाज नजर आ रहे हैं. इसी के साथ टी20 इंटरनेशनल टीम इंडिया से बाहर होने के बाद शुभमन गिल को भी रैंकिंग में नुकसान हुआ है.

सूर्यकुमार को मिला शानदार प्रदर्शन का इनाम

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव का फॉर्म एक चिंता का कारण बना हुआ था. इस सीरीज में उतरते ही उनके बल्ले की गूंज सुनाई देने लगी है. एक बार फिर से फैंस अपने चहेते सूर्या की पीक बल्लेबाजी देख पा रहे हैं. उन्होंने इस सीरीज में अब तक खेले 3 मैचों में 201 की स्ट्राइक रेट से 171 रन बनाए हैं और वो अभी तक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. इस सीरीज से पहले उनकी आईसीसी रैंकिंग 12 थी. टी20 विश्व कप से पहले टीम इंडिया के लिए अच्छे संकेत माने जा रहे हैं.

टॉप 10 में 3 भारतीय बल्लेबाज हैं शामिल

आईसीसी की तरफ से जारी की गई ताजा टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों का दम देखने को मिल रहा है. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 929 रेटिंग के साथ नंबर 1 टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं. उनके बाद इंग्लैंड के फिल सॉल्ट दूसरे नंबर पर बने हुए हैं. टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज तिलक वर्मा बिना किसी नुकसान के तीसरे नंबर पर काबिज हैं. इसी के साथ अब इस लिस्ट में नया नाम कप्तान सूर्या का शामिल हो गया है. टीम इंडिया के दूसरे सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन को उनके खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ा है. अब वो रैंकिंग में टॉप 50 से भी बाहर हो गए हैं.

ये भी पढ़िए- WPL 2026: मुश्किलों में घिरी यूपी वॉरियर्स की टीम, धाकड़ बल्लेबाज चोट के चलते टूर्नामेंट से हुई बाहर