T20 World Cup 2026: 7 फरवरी से टी20 विश्व कप 2026 का आगाज होने जा रहा है. इस बार मल्टीनेशनल टूर्नामेंट के मेजबानी की जिम्मेदारी भारत और श्रीलंका के हाथों में है. बांग्लादेश की टीम अपनी जिद के चलते इस विश्व कप से बाहर हो चुकी है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस पूरे मामले में बांग्लादेश के साथ देता हुआ दिख रहा है. ऐसे में इस समय एक सवाल पूरे क्रिकेट जगत में घूम रहा है कि क्या पाकिस्तान भी अब विश्व कप से अपना नाम वापस लेगा. पीसीबी के चीफ मोहसिन नकवी ने इसको लेकर सस्पेंस बना रखा है. हालांकि, इस मामले में बोर्ड को अपने ही पूर्व क्रिकेटर्स से चेतावनी भी मिल रही है. क्या है पूरा मामला आइए आपको भी बताते हैं.
🚨 BIG DECISION BY PAKISTAN 🚨
— Sheri. (@CallMeSheri1_) January 18, 2026
– Pakistan will review its participation in the T20 World Cup if the Bangladesh issue remains unresolved. (Geo News) pic.twitter.com/Ht4WxPcXuV
T20 WC बॉयकॉट नहीं करने की चेतावनी
पाकिस्तान की टीम अगर इस बार टी20 विश्व कप में खेलने के लिए नहीं आती है तो इससे पाक क्रिकेट को बड़ा नुकसान होना लगभग तय है. इस बात को पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स और ऑफिशियल भी मान रहे हैं. पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट कप्तान मोहम्मद हफीज ने साफ किया है कि उनकी टीम को विश्व कप में हर हाल में जाना चाहिए.
पूर्व पीसीबी चेयरमैन खालिद महमूद और सेक्रेटरी आरिफ अली अब्बासी ने भी विश्व कप को बॉयकॉट करना सही नहीं बताया.
अब्बासी ने इसको लेकर कहा, “मैं समझ सकता हूं कि पाकिस्तान बांग्लादेश को सपोर्ट करना चाहता है लेकिन टीम को विश्व कप में नहीं भेजना और आईसीसी से अपने रिश्ते खराब करने से कुछ हासिल नहीं होगा. पीसीबी को पाकिस्तान क्रिकेट को आगे बढ़ाने के बारे में सोचना चाहिए.”
पूर्व हेड कोच ने भी इस बात का किया समर्थन
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व हेड कोच और चीफ सिलेक्टर रह चुके मोहसिन खान भी विश्व कप को बायकॉट करने के पक्ष में नहीं हैं. उन्होंने इसको लेकर कहा, “हमारी दिक्कत भारत के साथ हैं लेकिन हम अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेल रहे हैं. तो पीसीबी किस हक से विश्व कप में नहीं जाने की बात कर रहा है. ये हमारे क्रिकेट के लिए काफी खराब होगा.”
इंजमाम उल हक ने भी सावधानी बरतने को कहा
पूर्व पाकिस्तानी कप्तान इंजमाम उल हक और मोहम्मद यूसुफ ने भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से अपील की है कि इस मामले में सावधानी से फैसला करें. “हम पाकिस्तान की टीम को विश्व कप में खेलते हुए देखना चाहते हैं. हमारे पास कुछ अच्छे खिलाड़ी हैं और हमारा देश खिलाड़ियों को बड़े इवेंट में अच्छा करते हुए देखना चाहते हैं.”

