ICC give Ultimatum to Bangladesh Cricket Board

T20 World Cup 2026: ‘नहीं मानी बात तो…’, बांग्लादेश पर सख्त हुआ ICC, दे दिया अल्टीमेटम! 

T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप को लेकर मचा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस पूरे मामले में आईसीसी की तरफ से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को अल्टीमेटम दे दिया गया है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार कर रहा है. ये पूरा मामला बीते 3 हफ्तों से चल रहा है और अब आईसीसी इसको लेकर बांग्लादेश पर सख्त हो चुका है. सामने आ रही रिपोर्ट के अनुसार 21 जनवरी तक ग्लोबल गवर्निंग बॉडी इस मामले पर फैसला कर लेगी. अगर बांग्लादेश अपनी जिद पर अड़ी रहती है तो आईसीसी किसी दूसरी टीम को विश्व कप में शामिल कर लेगी.

शनिवार को हुई मीटिंग में लिया फैसला

आईसीसी के अधिकारी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच कई मीटिंग का दौर हो चुका है. ईएसपीएन क्रिकइन्फो की तरफ से सामने आई जानकारी के अनुसार आईसीसी की तरफ से बीसीबी को इस मुद्दे पर समझाने की हर कोशिश की गई लेकिन बात नहीं मानने पर अब आईसीसी सख्ती पर उतर आई है. शनिवार को हुई बातचीत में भी बांग्लादेश अपनी शर्तों पर अड़ा हुआ है. आईसीसी की तरफ से भी साफ कर दिया गया है कि शेड्यूल में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है और न ही बांग्लादेश के ग्रुप में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा. 

नहीं मानी बात तो विश्व कप से होंगे बाहर!

बांग्लादेश की तरफ से मांग की जा रही है कि उनकी टीम को आयरलैंड के साथ रिप्लेस करते हुए ग्रुप बी में शिफ्ट कर दिया जाए. आयरलैंड की टीम अपने ग्रुप स्टेज के मुकाबले श्रीलंका में खेलने वाली है. इसके साथ ही आईसीसी ने शनिवार को हुई मीटिंग में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को ये भी साफ कर दिया है कि उनकी टीम को भारत में कोई भी सिक्योरिटी का खतरा नहीं है.

स्कॉटलैंड कर सकती है रिप्लेस

रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि आईसीसी ने फैसला किया है कि अगर बांग्लादेश भारत खेलने के लिए नहीं आता है तो उनकी जगह स्कॉटलैंड को टी20 विश्व कप में शामिल किया जाएगा. ताजा रैंकिंग के हिसाब से स्कॉटलैंड ही ऐसी टीम है जो कि विश्व कप में अपनी जगह बना सकती है. फिलहाल, आईसीसी 21 जनवरी तक बांग्लादेश के अंतिम फैसले का इंतजार कर रही है. 

ये भी पढ़िए- PAK vs AUS: पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के स्क्वॉड का ऐलान, T20 टीम में मैक्सवेल-हेजलवुड को नहीं मिली जगह